Ganesh Chaturthi 2026 : भगवान गणेश के स्वागत का इंतजार अब खत्म होने वाला है. गणेश चतुर्थी को लेकर घरों से लेकर बाजारों और सार्वजनिक पंडालों तक तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं. भक्त गणपति की प्रतिमा को घर लाने और विधि-विधान से उनकी स्थापना की तैयारी में जुटे है. इस बार गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितंबर से शुरू हो रहा है और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा स्थापित करने के बाद एक सवाल अक्सर लोगों के मन में रहता है कि बप्पा को घर में कितने दिनों तक रखना सही रहता हैं. कुछ परिवार डेढ़ दिन बाद विसर्जन करते हैं. तो कई जगह तीन, पांच, सात या पूरे दस दिन तक गणेश जी की पूजा करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं और क्षेत्रीय परंपराओं में इन सभी में इसका उल्लेख मिलता है.

1. डेढ़ दिन बाद विसर्जन की परंपरा (Ganesh Chaturthi 2026)

बहुत से परिवारों में गणपति बप्पा स्थापना के अगले दिन ही विसर्जन करने की परंपरा है. इसे डेढ़ दिन का गणपति कहा जाता है. गणेश चतुर्थी के दिन पूजा और स्थापना के बाद अगले दिन विधिवत आरती भोग और पूजा-अर्चना की जाती है. इसके बाद श्रद्धापूर्वक प्रतिमा का विसर्जन कर दिया जाता है. यह मानना उचित नहीं है कि कम दिनों तक गणेश जी को घर में रखने से पूजा का महत्व कम हो जाता है. श्रद्धा और परिवार की परंपरा को इस मामले में खास महत्व दिया जाता है.

2. तीन और पांच दिन तक भी रखे जाते हैं (Ganesh Chaturthi 2026)

कुछ घरों में गणेश जी की प्रतिमा तीन दिन तक रखी जाती है. इन दिनों सुबह-शाम पूजा आरती और भोग लगाया जाता है. तीसरे दिन शुभ मुहूर्त में विसर्जन किया जाता है. वहीं कुछ परिवारों में पांच दिन तक गणेश उत्सव मनाने की परंपरा है. इस दौरान घर में विशेष पूजा होती है और परिवार के सभी लोग मिलकर गणपति की आराधना करते हैं.

3. सात दिन का भी चलन है

गणेश जी की स्थापना के बाद सातवें दिन विसर्जन करने की परंपरा भी कुछ जगहों पर देखने को मिलती है. खास बात यह है कि गणपति उत्सव मनाने के लिए सभी परिवारों में एक जैसी समय सीमा तय नहीं है. स्थानीय रीति-रिवाज और सालों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा के अनुसार विसर्जन का दिन अलग हो सकता है.

4. अनंत चतुर्दशी तक बप्पा की विदाई का विशेष विधान

गणेश उत्सव की सबसे प्रसिद्ध परंपरा भगवान गणपति की प्रतिमा को दस दिनों तक रखने की है. गणेश चतुर्थी के दिन स्थापना के बाद लगातार दस दिनों तक पूजा आरती और भोग का क्रम चलता है. दसवें दिन अनंत चतुर्दशी पर गणेश जी को विदाई दी जाती है.

क्या 10 दिन तक रखना जरूरी है?

ऐसा कोई नियम नहीं है कि हर घर में गणपति जी की प्रतिमा दस दिनों तक ही रखी जाए. गणेश स्थापना और विसर्जन की अवधि परिवार की परंपरा, जगह और श्रद्धा के अनुसार तय की जा सकती है. कोई श्रद्धालु डेढ़ दिन के लिए बप्पा को घर में रखता है.तो कोई तीन, पांच, सात या दस दिन तक पूजा कर सकता है. इसलिए गणपति जी की प्रतिमा कितने दिन रखनी है . इसका फैसला अपनी कुल परंपरा और पूजा की सुविधा के अनुसार करना सही माना जाता है. सबसे जरूरी बात अवधि नहीं बल्कि श्रद्धा, नियमपूर्वक पूजा और बप्पा के प्रति आस्था है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H