Dharm Desk – क्या किसी रिश्ते में दूरियां आ गई हैं? क्या प्रेमी-प्रेमिका के बीच बात-चीत बंद है या पति-पत्नी के रिश्ते में लगातार तनाव बना हुआ है? महाराष्ट्र के टिटवाला स्थित सिद्धिविनायक महागणपति मंदिर से जुड़ी एक ऐसी मान्यता है, जिसे रिश्तों से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता ये है की भगवान गणेश की पूजा करने से विवाह संबंधी अड़चनें दूर होती हैं। दांपत्य जीवन का मनमुटाव समाप्त हो सकता है। इसी वहज से यह मंदिर ‘विवाह गणपति’ के नाम से भी प्रसिद्ध है।

गणपति की पूजा शकुंतला ने भी की थी

टिटवाला के सिद्धिविनायक मंदिर से राजा दुष्यंत और शकुंतला की प्रेम कहानी भी जुड़ी हुई है। प्रचलित कथा के अनुसार, दुष्यंत और शकुंतला के विवाह के बाद दोनों के बीच ऐसी परिस्थिति बनी कि दुष्यंत-शकुंतला को भूल गए। कथा में इसका कारण ऋषि दुर्वासा का श्राप बताया है। बाद में दोनों का पुनर्मिलन हुआ। शकुंतला और दुष्यंत की यही कहानी इस मंदिर की लोक मान्यता से भी जुड़ती है।

ऋषि कण्व ने बताया था गणेश पूजा का रहस्य

टिटवाला से जुड़ी स्थानीय मान्यता में कहा गया है कि शकुंतला के दु:ख को देखकर ऋषि कण्व ने उन्हें विघ्नहर्ता गणेश की पूजा करने की सलाह दी। इसके बाद सिद्धिविनायक की प्रतिमा बनाकर शकुंतला ने भगवान गणेश की आराधना की । मान्यता है कि गणपति की कृपा से दुष्यंत और शकुंतला का मिलन हुआ । इसी कथा के कारण टिटवाला के महागणपति को प्रेम और वैवाहिक संबंधों से जोड़कर देखा जाने लगा।

यहां बिछड़े प्रेमी और दंपती क्यों पहुंचते हैं

इसी पौराणिक कथा के आधार पर श्रद्धालुओं में विश्वास है कि रिश्तों में आई दूरी को दूर करने के लिए यहां गणपति के दर्शन और पूजा कर मान्यता की जा सकती है। जिन लोगों के विवाह में अड़चन आ रही हो या पति-पत्नी के बीच मत भेद चल रहे हों, वे भी मनोकामना लेकर पहुंचते हैं। मंदिर से जुड़ी मान्यता में विवाह की इच्छा रखने वालों की मनोकामना और दांपत्य जीवन के विवाद दूर होने की बात कही गई है।

टिटवाला गणपति को क्यों कहते हैं सिद्धि विनायक?

टिटवाला का यह मंदिर महाराष्ट्र के प्रसिद्ध गणेश मंदिरों में गिना जाता है। मंदिर को महा गणपति मंदिर भी कहा जाता है । यहां भगवान गणेश की पूजा विशेष श्रद्धा के साथ होती है। स्थानीय परंपराओं और मंदिर से जुड़ी कथाओं ने इसे केबल गणेश भक्तों ही नहीं, बल्कि शादी और रिश्तों से जुड़ी मनोकामना रखने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी विशेष पहचान दी है।