लक्ष्य वर्मा, करनाल। हरियाणा के करनाल के मंगल कॉलोनी पार्ट-2 में कोख के सौदागरों के खिलाफ पानीपत और करनाल स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी और सफल छापेमारी की है। भ्रूण लिंग जांच की गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीमों ने आरोपी को रंगे हाथों उस वक्त दबोचा जब वह अवैध रूप से जांच प्रक्रिया को अंजाम दे रहा था।

फर्जी ग्राहक बनकर पहुंची टीम, पुलिस की मौजूदगी में आरोपी संजय गिरफ्तार
दरअसल पानीपत स्वास्थ्य विभाग को पिछले काफी समय से मंगल कॉलोनी में चल रहे इस अवैध खेल की शिकायतें मिल रही थीं। टीम के सदस्य डॉक्टर ललित कुंडू ने बताया कि सिविल सर्जन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया जिसने रणनीति के तहत एक फर्जी ग्राहक को आरोपी के पास भेजा।

जैसे ही आरोपी ने लिंग जांच के बदले 30 हजार रुपए की मांग की और प्रक्रिया शुरू की, पहले से मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। मैदानी सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी संजय पिछले 7-8 महीनों से किराए के मकान में यह धंधा कर रहा था और जानकारी मिली है कि उस पर पहले भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

