चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार को सिटी थाना पुलिस के सामने उस समय सनसनी फैल गई, जब दो पक्षों के बीच गैंगवार के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह और डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।
वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल के दोनों ओर सड़क को बंद कर दिया गया है, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फिलहाल गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


