MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में जल संरक्षण के कार्यों में श्रमदान कर गंगा दशहरा मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार जिले के देवी तालाब पहुंचकर अभियान की शुरुआत करेंगे। जल गंगा संवर्धन अभियान, जन आंदोलन बनाने की पहल बनेगा। सभी प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में वाटर बॉडी के लिए काम करेंगे।
CM के आज के कार्यक्रम
सीएम डॉ मोहन यादव सुबह 10:30 बजे भोपाल में रविंद्र भवन में स्कॉलरशिप वितरण समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 12:45 बजे धार जिला पहुंचेंगे। जहां भोजशाला में दर्शन करेंगे। धार में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होंगे। धार से दोपहर 3:05 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे। इंदौर से 3:35 बजे दिल्ली जाएंगे। जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ट्विशा शर्मा मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
ट्विशा शर्मा मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। CJI की बेंच मामले की सुनवाई करेगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ इस केस की सुनवाई करेगी। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली भी शामिल रहेंगे। आपको बता दें कि ट्विशा के पति और ससुराल पक्ष पर जांच प्रभावित करने के आरोप लगे है।
गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने को लेकर HC में सुनवाई
जबलपुर हाई कोर्ट में आज ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने को लेकर सुनवाई होगी। अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग को लेकर राज्य सरकार और ट्विशा के पिता ने याचिका दायर की है। गिरिबाला सिंह की तरफ से 15 मई को अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई थी। न्यायालय ने उसी दिन उन्हें अग्रिम जमानत का लाभ प्रदान कर दिया था। गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने को लेकर कोर्ट का बड़ा फैसला आ सकता है।
आम जनता को महंगाई का बड़ा झटका
आम जनता को महंगाई का फिर झटका लगा है। एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गई है। मई महीने में चौथी बार कीमत बढ़ाई गई है। पेट्रोल 2.61 पैसे, डीजल में 2.71 पैसे की वृद्धि हुई है। पिछले 15 दिन के अंदर पेट्रोल-डीजल में करीब 7.50 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी हैं।

