अंबाला। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) हरियाणा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर वैनकेट गर्ग का जॉर्जिया से भारत प्रत्यर्पण (Extradition) सुनिश्चित किया है। यह जॉर्जिया से भारत को किया गया पहला प्रत्यर्पण है तथा वर्ष 2026 में STF हरियाणा द्वारा कराया गया 10वां निर्वासन/प्रत्यर्पण है।

वैनकेट गर्ग (29) अंबाला जिले के नारायणगढ़ स्थित चंदना कॉलोनी का निवासी है और करीब 53 सदस्यों वाले संगठित अपराध गिरोह का सरगना बताया जाता है। उसका गैंग अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और चंडीगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, अवैध हथियारों के उपयोग और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त रहा है।

पुलिस के अनुसार वैनकेट गर्ग एक उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) है, जिसके खिलाफ हरियाणा और चंडीगढ़ में कुल 34 आपराधिक मामले दर्ज हैं। भारत से फरार होने से पहले उसके खिलाफ 23 मामले दर्ज थे, जबकि विदेश भागने के बाद भी उसने अपने गैंग के जरिए आपराधिक गतिविधियां जारी रखीं, जिसके चलते 11 और मामले दर्ज हुए।

गैंग द्वारा किए गए प्रमुख अपराधों में नारायणगढ़ में BSP नेता हरबिलास की हत्या तथा अंबाला और यमुनानगर में रंगदारी से जुड़ी कई फायरिंग की घटनाएं शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि वैनकेट गर्ग 10 दिसंबर 2024 को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) फरार हो गया था और बाद में 26 जनवरी 2025 को जॉर्जिया पहुंच गया। STF ने यह भी पाया कि उसने गुरुग्राम का फर्जी पता दिखाकर धोखाधड़ी से पासपोर्ट प्राप्त किया था। इस संबंध में थाना नारायणगढ़ में मामला दर्ज किया गया और STF की सिफारिश पर उसका पासपोर्ट 4 फरवरी 2025 को रद्द कर दिया गया।

उसकी गिरफ्तारी और भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए STF हरियाणा ने लुक आउट सर्कुलर (LOC), इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस, उद्घोषित अपराधी घोषित कराने सहित कई कानूनी और अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाएं शुरू कीं। बाद में जॉर्जिया में उसकी मौजूदगी की पुष्टि होने पर प्रत्यर्पण की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

यह सफल अभियान भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (NCB)-नई दिल्ली, जॉर्जिया और कजाखस्तान स्थित भारतीय दूतावासों, इंटरपोल तथा विभिन्न विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से संभव हो सका। STF हरियाणा ने इस कार्रवाई में सहयोग देने वाली सभी एजेंसियों और सरकारों का आभार व्यक्त किया है।

पुलिस अधीक्षक अंबाला और उनकी टीम के प्रयासों की भी विशेष सराहना की गई है। STF हरियाणा ने कहा कि संगठित अपराध और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा देश-विदेश की एजेंसियों के सहयोग से ऐसे अपराधियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।