कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में अनंत चतुर्दशी पर भगवान श्री गणेश की विदाई का सिलसिला जारी है। शहर के सागरताल इलाके में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने अस्थाई सरोवर तैयार किया है। यहां नगर निगम की टीम एक विशेष NGO की मदद से श्रद्धालुओं की प्रतिमाओं का सावधानीपूर्वक विसर्जन करा रही है। विदाई की इस बेला में भक्तों की आंखें नम हैं। कई दिनों तक घरों और पंडालों में विराजे बप्पा को विदा करते हुए श्रद्धालु भावुक नजर आ रहे हैं।
अस्थाई विसर्जन सरोवर तैयार किया
ढोल-नगाड़ों, जयकारों और बप्पा के नाम के साथ शुरू हुआ गणेशोत्सव अब विदाई के पड़ाव पर पहुंच गया है। अनंत चतुर्दशी पर सागरताल क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। नगर निगम और जिला प्रशासन ने भक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए यहां अस्थाई विसर्जन सरोवर तैयार किया है। निगम की टीम एक विशेष NGO के सहयोग से प्रतिमाओं का विसर्जन करा रही है। विसर्जन के दौरान सावधानी बरती जा रही है, वहीं किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
बप्पा को अगले साल फिर आने का न्योता
श्रद्धालुओं का कहना है कि कई दिनों तक घरों और पंडालों में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ जो अपनापन और आस्था जुड़ी, अब विदाई के समय वही भाव उन्हें भावुक कर रहा है। भक्तों के लिए यह सिर्फ प्रतिमा का विसर्जन नहीं,बल्कि बप्पा को अगले साल फिर आने का न्योता देने का पल भी है। कोई हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा है, तो कोई नम आंखों से गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए उन्हें विदा कर रहा है। आस्था, उल्लास और भावुकता के संग ग्वालियर में गणेश विसर्जन का उत्सव जारी है। भक्त बप्पा से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना कर रहे हैं, और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की आस के साथ विदाई दे रहे हैं, गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


