रायपुर. छत्तीसगढ़ में नवरात्रि पर्व से पहले गरबा-डांडिया कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई है. इन दिनों में माता के नौ स्वरूपों की आराधना होती है. इस बीच कार्यक्रमों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर विवाद गहरा गया है. वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का विवादित बयान सामने आया है.

लव जिहाद को मिलता है बढ़ावा : डॉ. सलीम राज

वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि गरबा कार्यक्रमों में मुस्लिम युवा छेड़छाड़ करते हैं. इससे लव जिहाद को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्मों में जो नाम बदलकर प्रवेश करते हैं, उनके खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए.

सलाम रिजवी ने कहा- डर का माहौल बनाकर वोट बैंक बढ़ाने की कोशिश 

पूर्व वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलाम रिजवी ने सलीम राज के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि वह गंगा-जमुनी तहजीब में पले-बढ़ें हैं. समझ नहीं आता है कि ऐसे बयान क्यों दिए जाते हैं. समिति के लोगों ने कभी कलावा बांधने या टीका लगाने की अपील नहीं की, लेकिन सलीम राज की ओर से ऐसी अपील की जा रही है. 

उन्होंने कहा कि नवरात्रि में गरबा हिंदू समाज का पवित्र आयोजन है. अगर कोई व्यक्ति श्रद्धा भाव से इनमें शामिल होता है, तो उसमें आपत्ति नहीं है.  2014 के बाद भाजपा ने हिंदुओं को असुरक्षित महसूस कराया है. इससे पहले धार्मिक आयोजनों में दूसरे धर्म के लोग भी सम्मिलित होते थे. पूरी तादाद में हिंदुओं और मुट्ठी भर मुस्लिमों के बीच डर का माहौल बनाकर वोट बैंक बढ़ाने की कोशिश की जा रही है. 

डॉ. सलीम राज पर कांग्रेस ने बोला हमला

डॉ. सलीम राज के बयान पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भी हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सलीम राज भाजपा के पिट्ठू की तरह काम कर रहे हैं. वह जब से चेयरमैन बने हैं, तब से लगातार इस तरह के बयान देकर सुर्खियों में बने रहने की कोशिश करते हैं. सलीम राज के बयानों को विशेष तौर पर मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं को संज्ञान में लेना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की चाटुकारिता के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है. 

सुशील शुक्ला ने कहा कि मुस्लिम युवक गरबा में जाते ही नहीं हैं. अगर होते भी हैं तो उनकी संख्या काफी कम होती है. गरबा में माता की पूजा और मूर्ति पूजा होती है, इसलिए समितियां भी कोशिश करती हैं कि गैर-समाज के लोग इसमें शामिल न हों. 

तुष्टिकरण की राजनीति के लिए मुस्लिम समाज का पक्ष ले रही कांग्रेस : भाजपा

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ.  सलीम राज के बयान को लेकर भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम समाज के युवकों से अपील की है कि वे गरबा में शामिल न हों, क्योंकि इस्लाम में मूर्ति पूजा नहीं होती, गरबा माता की आराधना का पर्व है, बिना किसी धार्मिक भावना के केवल मनोरंजन के लिए किसी को इसमें शामिल नहीं होने दिया जाएगा। दूसरी तरफ कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति के लिए मुस्लिम समाज का पक्ष ले रही है, कांग्रेस के प्रवक्ता बयान दे रहे हैं कि मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं से सलीम राज के बयानों पर ध्यान दिया जाए. क्या वह सलीम राज के खिलाफ फतवा जारी करवाना चाहते हैं? कांग्रेस को स्पष्ट शब्दों में बताना चाहिए कि मुस्लिम धर्मगुरुओं को इस तरह उकसाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या है. 

दूसरे समाज को लोगों को शामिल होने की जरूरत नहीं : राजीव लोचन महाराज

गरबा में गैर हिन्दुओं के प्रवेश पर छिड़े बयानबाजी के बीच दक्षिण कोशल के पीठाधीश्वर राजीव लोचन महाराज ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि गरबा गर्व का पर्व है, इसमें कुल का स्वाभिमान जुड़ा हुआ है. इस पर्व को मर्यादित और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए. अगर गरबा के नाम पर फूहड़ता परोसी जा रही है, तो वह गरबा नहीं, बल्कि गर्दा है. दूसरे समाज के लोगों को इसमें शामिल होने की जरूरत नहीं है, जो लोग हमारी परंपराओं और को मानते हैं, वे अपना पर्व उसी मर्यादा के साथ मनाएं. समाज में जहां भी ऐसी चीजों पर संदेह या आपत्ति हो रही है, वहां उसे रोकने की जरूरत है. 

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H