गया। जिले में शादी के नाम पर राजस्थान के एक परिवार से लाखों रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सात फेरे और सिंदूरदान होने के बाद विदाई के ठीक पहले दुल्हन, अपनी कथित गैंग के साथ सोने-चांदी के गहने, कीमती कपड़े और शगुन के पैसे लेकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित दूल्हा और उसका परिवार जब दुल्हन के कमरे के पास पहुंचा, तो वहां ताला लटका मिला। इसके बाद ठगे गए परिवार ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
झारखंड की ‘पारो’ ने बुना था ठगी का जाल
पीड़ित पक्ष राजस्थान के टोंक जिले का रहने वाला है। दूल्हे संजय पटवा के परिजनों ने बताया कि इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड झारखंड के कोडरमा की रहने वाली ‘पारो’ नाम की महिला है। पारो ने ही संजय को झांसा दिया था कि गया के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में एक गरीब परिवार की लड़की है, जिससे वह उसकी शादी करा सकती है। पारो के भरोसे में आकर संजय अपने परिजनों के साथ सोमवार रात कार से बेलागंज पहुंचा था।
आधी रात को शादी का दबाव और जल्दबाजी
दूल्हे संजय ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे जब वे लोग गांव पहुंचे, तो वहां का माहौल सामान्य नहीं था। बारात के स्वागत या नाश्ते का कोई इंतजाम नहीं था। जैसे ही बारात पहुंची, लड़की पक्ष के लोग तुरंत शादी करने का दबाव बनाने लगे। जब दूल्हा पक्ष ने थोड़ा समय मांगा, तो वे लोग शुभ मुहूर्त निकलने का डर दिखाकर नाराज होने लगे। इसके बाद आनन-फानन में रात करीब 3:30 बजे हिंदू रीति-रिवाज से शादी संपन्न कराई गई।
सुरक्षा के लिए किया था ऑनलाइन पेमेंट, गहने भी ले उड़े
शादी तय होने के दौरान लड़की वालों ने 1.10 लाख रुपये की मांग की थी। संजय ने सुरक्षा के लिहाज से कैश न देकर यह रकम सीधे लड़की के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी थी। इसके अलावा दूल्हे ने दुल्हन को करीब 90 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण (मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, ढोलना) और कीमती कपड़े भी दिए थे।
’कपड़ा बदलने’ के बहाने पीछे के रास्ते से भागे
मंगलवार सुबह विदाई की तैयारी थी। तभी लड़की वालों ने कहा कि सफर लंबा है, इसलिए भारी जोड़ा उतारकर लड़की को हल्की साड़ी पहना देते हैं। वे दूल्हे पक्ष को गाड़ी में बैठने की बात कहकर दुल्हन को अंदर ले गए। जब 25 मिनट तक कोई बाहर नहीं आया, तो दूल्हे की भाभी अंदर देखने गईं। वहां सारे दरवाजे खुले थे और दुल्हन लक्ष्मी, चंदीराय, पारो समेत सभी लोग पीछे के रास्ते से गायब हो चुके थे।
पुलिस को दी सूचना, जांच शुरू
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने ‘डायल 112’ और बेलागंज थाने में लिखित शिकायत की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदन मिल चुका है। दूल्हे के पास मौजूद शादी की तस्वीरों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के सबूतों के आधार पर पुलिस जालसाजों की तलाश कर रही है।

