गया। जिले में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े पुलिस की चौकसी को चुनौती दी है। इमामगंज थाना क्षेत्र के पांकरडीह मुख्य मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में घुसकर हथियारबंद अपराधियों ने करीब 2 लाख 7 हजार रुपये की लूट को अंजाम दिया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधी महज 7 मिनट के भीतर लूटपाट कर भागते नजर आ रहे हैं।

​पिस्तौल दिखाकर काउंटर से साफ किया कैश

​जानकारी के अनुसार, CSP संचालक दीपक कुमार प्रतिदिन की तरह अपने सेंटर पर कामकाज निपटा रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। इससे पहले कि वहां मौजूद कर्मचारी या संचालक कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने पिस्तौल निकाल ली और सीधे काउंटर की ओर बढ़ गया। उसने वहां मौजूद कर्मियों को जान से मारने की धमकी देकर डराया और काउंटर का ड्रॉअर खोलकर उसमें रखे 2.07 लाख समेट लिए।

​पुलिस ने शुरू की छापेमारी

​लूट की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए। अपराधियों के जाने के बाद कर्मियों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलते ही इमामगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

​दहशत में स्थानीय लोग, गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी

​इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अपराधियों के भागने के रास्तों को ट्रैक कर रही है। थानाध्यक्ष ने पुष्टि की है कि पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।