Bihar News: नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। वहीं, अब बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लेकर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को जेन-जी की जगह ‘जनरेशन गटर’ बताया, जिसे लेकर उनकी काफी आलोचना हो रही है। कंगना के इस बयान पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया सामने आई है।
कंगना के बयान को बताया घटिया
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, कंगना रनौत को अपने अपमानजनक व् घटिया बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि, सत्ता के नशे व् अहंकार में चूर भाजपा की सांसद देश की करोड़ों युवा आबादी को ‘गटर जनरेशन’ कह रही हैं। जिस युवा शक्ति के दम पर भारत दुनिया में अपनी पहचान बनाता दिख रहा है, उसे इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित करना , उसके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करना देश के युवाओं की प्रतिभा और उनकी मेहनत का घोर अनादर है।
संसद का सदस्य होना एक बड़ी जिम्मेदारी- रोहिणी
रोहिणी ने कहा कि, जब देश का युवा बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और घटते अवसरों से जूझ रहा है, तब सत्ता पक्ष की एक सांसद इस तरह की अनर्गल बयानबाजी करके असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती हैं। सरकार युवाओं को रोजगार देने , धांधली मुक्त परीक्षाएं कराने में विफल रही है , इस सच को स्वीकारने की बजाए सासंद युवा पीढ़ी के चरित्र पर उंगली उठा रही हैं ।
उन्होंने कहा कि, संसद का सदस्य होना एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। अपनी जनता और युवाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की बजाय ऐसी अमर्यादित और निम्नस्तरीय भाषा का प्रयोग करना यह दर्शाता है कि भाजपा के नेताओं में युवाओं के प्रति कोई सम्मान या सहानुभूति नहीं बची है।
कंगना से माफी की मांग
रोहिणी आचार्य ने कहा कि, आज का Gen-Z युवा डिजिटल माध्यमों का उपयोग अपनी रचनात्मकता, स्वरोजगार और सामाजिक मुद्दों को उठाने के लिए कर रहा है। पूरे युवा वर्ग को केवल रील्स से जोड़कर ‘गटर’ कह देना उनकी आधुनिक सोच और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को खारिज करने की मानसिकता को उजागर करता है। भाजपा नेतृत्व को तुरंत इस गैर-जिम्मेदाराना बयान का संज्ञान लेना चाहिए और कंगना रनौत को देश के तमाम Gen-Z युवाओं और छात्रों से अपने इस अपमानजनक व् निहायत ही घटिया बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- BPSC TRE पेपर लीक केस में EOU की बड़ी कार्रवाई, सीलबंद प्रश्नपत्र खोलने में माहिर आरोपी गिरफ्तार


