राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरियों और रिक्त पदों की स्थिति को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग के पास फिलहाल कोई स्पष्ट आंकड़ा मौजूद नहीं है। विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक सेना पटेल द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में राज्य सरकार की ओर से यह बात सामने आई है।

कांग्रेस विधायक सेना पटेल ने प्रदेश के सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों, चल रही भर्ती प्रक्रियाओं और अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगा था। इस पर सामान्य प्रशासन विभाग की भार साधक मंत्री कृष्णा गौर की ओर से लिखित जवाब प्रस्तुत किया गया, जिसमें कहा गया कि चाही गई जानकारी एकत्रित की जा रही है।

विधायक सेना पटेल ने पूछे थे ये 4 अहम सवाल

रिक्त पदों का ब्योरा: प्रदेश के सभी जिलों और विभागों में प्रश्न दिनांक तक कितने पद खाली हैं? विभागवार और आरक्षणवार रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति क्या है? खाली पदों के विरुद्ध नई भर्तियों की वर्तमान स्थिति क्या है और कितने पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है? भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के मुख्य कारण क्या हैं और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है? क्या विभिन्न विभागों में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण लंबित हैं? यदि हाँ, तो अब तक नियुक्ति क्यों नहीं दी गई और कब तक दी जाएगी?

सरकार का जवाब
विधायक द्वारा पूछे गए (क) से (घ) तक के सभी बिंदुओं पर मंत्री कृष्णा गौर ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि “जानकारी एकत्रित की जा रही है।” विपक्ष ने इस जवाब को लेकर सवाल खड़े किए हैं कि जब सामान्य प्रशासन विभाग के पास ही प्रदेश में खाली पदों का एकीकृत ब्योरा नहीं है, तो युवाओं के लिए भर्ती योजनाओं का क्रियान्वयन किस आधार पर किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m