Lifestyle Desk – आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई चाहता है कि उसकी त्वचा साफ, चमकदार और हेल्दी दिखे. इसके लिए लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स, फेस ट्रीटमेंट्स और पार्लर सेशन पर हजारों रुपये खर्च कर देते हैं. हालांकि, कई बार ये केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स त्वचा को फायदा पहुंचाने की बजाय नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. ऐसे में अगर आप बिना ज्यादा खर्च और मेहनत के नैचुरल तरीके से ग्लोइंग स्किन पाना चाहते हैं, तो हल्दी आइस क्यूब्स आपके लिए एक बेहतरीन घरेलू उपाय साबित हो सकते हैं.

हल्दी को भारतीय रसोई का सबसे खास मसाला माना जाता है. यह सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि त्वचा के लिए भी बेहद फायदेमंद होती है. आइए जानते हैं हल्दी आईसक्यूब बनाने का तरीका और इसके इस्तेमाल के फायदे.

हल्दी में होते हैं ये गुण

हल्दी में एंटीसेप्टिक, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा को अंदर से साफ करने और उसे हेल्दी बनाए रखने में मदद करते हैं. वहीं, बर्फ त्वचा को ठंडक पहुंचाकर पोर्स को टाइट करने और सूजन कम करने में सहायक होती है. जब इन दोनों का इस्तेमाल एक साथ किया जाता है, तो इसका असर त्वचा पर और भी ज्यादा बेहतर देखने को मिलता है.

कैसे बनाएं हल्दी आइस क्यूब्स?

हल्दी आइस क्यूब्स बनाना बेहद आसान है. इसके लिए आपको चाहिए1 गिलास पानी,आधा चम्मच हल्दी पाउडर,1 चम्मच एलोवेरा जेल,कुछ बूंदें गुलाब जल. सबसे पहले पानी में हल्दी, एलोवेरा जेल और गुलाब जल डालकर अच्छे से मिला लें. अब इस मिश्रण को आइस ट्रे में भरकर फ्रीजर में रख दें. कुछ घंटों बाद जब यह पूरी तरह जम जाए, तो आपके हल्दी आइस क्यूब्स तैयार हैं.

इस्तेमाल करने का सही तरीका

सुबह या रात में चेहरे को अच्छी तरह धोने के बाद एक हल्दी आइस क्यूब लें और उसे हल्के हाथों से पूरे चेहरे पर मसाज करें. करीब 2 से 3 मिनट तक मसाज करने के बाद चेहरे को सामान्य पानी से धो लें. नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करने पर त्वचा में नैचुरल ग्लो दिखाई देने लगता है.

हल्दी आइस क्यूब्स के फायदे

हल्दी आइस क्यूब्स का इस्तेमाल करने से चेहरे की कई समस्याओं से राहत मिल सकती है.

  1. यह पिंपल्स और एक्ने को कम करने में मदद करता है. साथ ही चेहरे पर मौजूद दाग-धब्बों को हल्का करने में भी असरदार माना जाता है.
  2. बर्फ त्वचा को ताजगी देती है और चेहरे की सूजन को कम करती है. गर्मियों में इसका इस्तेमाल त्वचा को ठंडक पहुंचाने का काम भी करता है.
  3. इसके अलावा, हल्दी त्वचा की रंगत को निखारने में मदद करती है और चेहरे पर नैचुरल चमक लाती है. जिन लोगों की स्किन ऑयली होती है, उनके लिए भी यह उपाय फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह अतिरिक्त तेल को कंट्रोल करने में मदद करता है.

अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा संवेदनशील है, तो इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें. सही तरीके और नियमित उपयोग से हल्दी आइस क्यूब्स आपकी स्किन केयर रूटीन का एक असरदार हिस्सा बन सकते हैं.