गन्नौर । परिवार को उम्मीद थी कि दोनों बच्चे कहीं खेल रहे होंगे या शादी समारोह में चले गए होंगे। लेकिन रात होते-होते ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे परिवार को तोड़ दिया। गांव शाहपुर तगा की बाबा मोहनदास 108 गोशाला में दो सगे भाइयों के शव पानी से भरे गड्ढे में मिले। दोनों की उम्र महज 7 और 6 साल थी। हादसे के बाद गोशाला परिसर में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान सागर और कार्तिक के रूप में हुई है। दोनों अपने पिता संदीप, मां और परिवार के साथ गोशाला परिसर में बने कमरे में रहते थे। बताया जा रहा है कि संदीप एक दिन पहले ही पत्नी और बच्चों के साथ गोशाला पहुंचे थे। वह पहले भी यहां काम कर चुके हैं। फिलहाल वह गोशाला में पशुओं को चारा डालने का काम करते थे।
बारिश के बाद गड्ढों में भर गया था पानी
गोशाला में इन दिनों शेड बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए पिलर खड़े करने के लिए करीब 4 फुट गहरे गड्ढे खोदे गए थे। गुरुवार को हुई तेज बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया। इसी दौरान सागर और कार्तिक खेलते हुए पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गए। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई।
शाम को जब बच्चे नजर नहीं आए तो उनकी मां को चिंता हुई। गोशाला परिसर में बच्चों के कपड़े पड़े मिले थे। ऐसे में उन्हें लगा कि दोनों दूसरे कपड़े पहनकर गांव में किसी शादी समारोह में चले गए होंगे। लेकिन अंधेरा होने के बाद भी दोनों घर नहीं लौटे।
तलाश शुरू हुई तो गड्ढे में मिले दोनों के शव
परिजनों ने बच्चों को आसपास तलाशना शुरू किया। गोशाला के कर्मचारी भी उनकी खोज में जुट गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। तलाश के दौरान दोनों बच्चे शेड निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में मिले। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
गोशाला के सरपंच इंद्रेश त्यागी ने बताया कि संदीप पहले भी गोशाला में रहकर काम कर चुका है। वह एक दिन पहले ही अपने परिवार के साथ यहां आया था। शेड निर्माण के लिए गड्ढे खोदे गए थे, जिनमें बारिश का पानी भर गया था।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम पर भी बात
हादसे की सूचना मिलने पर थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एसीपी नरेश के अनुसार, शाहपुर तगा में हुए हादसे में दो भाइयों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, गांव से पहुंचे परिवार के एक सदस्य ने बताया कि संदीप को बच्चों को साथ लेकर जाने से मना किया गया था। इसके बावजूद वह उन्हें अपने साथ ले आया। हादसे के बाद बच्चों के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है। पुलिस परिवार को समझाने का प्रयास कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

