संजय पाटीदार, भोपाल। जिस पिता ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों को पालने और उनका भविष्य बनाने में लगा दी, उसी पिता को जिंदगी के आखिरी पड़ाव में अपनों का सहारा तक नहीं मिला। इंदौर के घनश्याम राजपूत की कहानी रिश्तों को शर्मसार करने वाली है।
पंचर बनाकर परिवार को पाला
कभी साइकिल का पंचर जोड़कर परिवार चलाने वाले घनश्याम राजपूत को उनके अपनों ने ही अकेला छोड़ दिया। बेटे दूर चले गए, बेटियों ने भी साथ छोड़ दिया और जब मौत आई तो अंतिम संस्कार के लिए भी कोई अपना नहीं पहुंचा। एक दो दिन तक इंतजार के बाद वृद्धाश्रम संचालकों ने ही घनश्याम राजपूत अंतिम संस्कार किया। एक पिता की दर्दनाक कहानी जिसने इंसानियत पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।
घर बेचकर गए बच्चे
अपना घर वृद्धाश्रम की संचालिका माधुरी मिश्रा ने बताया कि घनश्याम राजपूत करीब डेढ़-दो साल तक उनके साथ रहे। वह साइकिल के ट्यूब-टायर बेचने और साइकिल सुधारने का काम करते थे। उनके चार बच्चे थे दो बेटे और दो बेटियां। माधुरी मिश्रा ने आगे बताया कि घनश्याम राजपूत इंदौर की पंचवटी कॉलोनी में रहते थे। उनका पांच से सात लाख रुपये का छोटा सा घर था, जिसे बेचने के बाद उनके बेटे उन्हें छोड़कर चले गए। बेटियों ने भी उनकी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
संपर्क के बाद भी नहीं आया परिवार
माधुरी मिश्रा के मुताबिक परिवार से कई बार संपर्क की कोशिश की गई लेकिन कोई मिलने नहीं आया। बीमारी के दौरान घनश्याम राजपूत को लकवे का असर हुआ और बोलने में भी परेशानी होने लगी।
वृद्धाश्रम ने किया अंतिम संस्कार
मौत के बाद भी बेटों, बेटियों और परिचितों में से अंतिम संस्कार के लिए कोई नहीं पहुंचा। एक से दो दिन तक शव सुरक्षित रखने के बाद वृद्धाश्रम ने ही उनका क्रिया-कर्म किया। माधुरी मिश्रा का कहना है कि घनश्याम अकेले नहीं, ऐसे कई बुजुर्ग हैं जिन्हें उनके अपने छोड़ देते हैं।
बदलते रिश्तों की हकीकत
घनश्याम राजपूत जैसे आज न जाने कितने बुजुर्ग हैं जिनके अपने ही उन्हें अपने साथ रखने को तैयार नही है। आखिर हमारा समाज किस ओर जा रहा है? जिन बूढ़े मां-बाप ने अपनी पूरी जिंदगी बच्चों के भविष्य के लिए लगा दी आज वही बच्चे उन्हें अपने साथ रखने से किनारा कर रहे हैं। घनश्याम राजपूत की कहानी सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं, ये बदलते रिश्तों और खत्म होती इंसानियत की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


