घरौंडा/करनाल, 4 अगस्त। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने मंगलवार को विभिन्न प्रस्तावित परियोजनाओं और मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्यों का जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने लघु सचिवालय के विस्तार, ऑडिटोरियम के पास शहीद स्मारक और लाइब्रेरी निर्माण, बिजली विभाग की भूमि पर पार्किंग विकसित करने, अराईपुरा और उपमंडल कार्यालय मार्ग के चौड़ीकरण, सर्विस लेन पर रैंप निर्माण तथा जीटी रोड की सर्विस लेन और मिनी बाईपास को चौड़ा करने की योजनाओं का जायजा लिया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाना और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।

इसके अलावा उन्होंने खूनी पुल अंडरपास, फुरलक रोड को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने, कैमला और अराईपुरा अंडरपास का आकार बढ़ाने, रेलवे रोड स्थित पुरानी दुकानों के व्यवस्थित पुनर्विकास, रेलवे लाइन पर प्रस्तावित फुटओवर ब्रिज, रेलवे भूमि पर खेल मैदान और मलिकपुर रोड स्थित एसटीपी की खाली पड़ी भूमि के बेहतर उपयोग की संभावनाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ इन परियोजनाओं में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित परियोजनाओं का तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण जल्द पूरा किया जाए। जिन योजनाओं में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी तालमेल बनाकर बाधाओं को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए ताकि विकास कार्य जल्द धरातल पर उतर सकें।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन परियोजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा, उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।

निरीक्षण के दौरान जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, एसडीएम राजेश सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।