करनाल, 22 अगस्त। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शनिवार को घरौंडा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर करीब चार घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें और विकास कार्यों से संबंधित मांगें उनके सामने रखी गईं। विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम करनाल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के कच्चे कर्मचारियों ने अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर सेवा सुरक्षा की मांग उठाई। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के अनुबंधित कर्मचारियों ने बताया कि वे पांच साल से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि निदेशक स्तर पर फार्म का सत्यापन किए जाने के बावजूद पोर्टल पर उन्हें रद्द कर दिया गया है। कर्मचारियों ने विधानसभा अध्यक्ष से करीब 7000 कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा दिलाने की मांग की।

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में कार्यरत कर्मचारियों ने भी ज्ञापन देकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के तहत सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, नगर निगम करनाल के कर्मचारियों ने कहा कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी के दायरे से बाहर रखा गया है, जबकि उन्हें वेतन एचकेआरएनएल के माध्यम से दिया जा रहा है।

जनसुनवाई में ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कई विकास कार्यों की मांगें भी सामने आईं। कोहंड के ग्रामीणों ने गोस्वामी सामुदायिक केंद्र का आकार बढ़ाने की मांग रखी। नगला फार्म की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में चारदीवारी और मुख्य द्वार का निर्माण कराने के साथ गांव में सामुदायिक केंद्र बनाने तथा गलियों को पक्का कराने की मांग भी की गई।

कलवेहड़ी के ग्रामीणों ने गांव में पार्क बनवाने की मांग रखी। घरौंडा के लोगों ने सैनी चौपाल का अधूरा काम पूरा कराने की मांग की। डेरा रामरंग के लोगों ने अस्थायी रास्ते को पक्का कराने की गुहार लगाई। इसके अलावा कई गांवों के ग्रामीणों ने घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि इन तारों के कारण लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है।

जनसुनवाई के बाद पत्रकारों से बातचीत में हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि उन्होंने हर सप्ताह जनसुनवाई का कार्यक्रम तय किया है। इससे लोगों से सीधे मुलाकात करने के साथ उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सामने आने वाली अधिकांश समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाता है। व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ लोग क्षेत्र में नए विकास कार्यों से संबंधित मांगें भी रखते हैं।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि लोगों की समस्याओं का सही तरीके से समाधान हो। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को अपना परिवार बताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उपमंडल स्तर पर लघु सचिवालय के अलावा अधिकारियों के लिए आवास की व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रयास जारी हैं। जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण अभी तक आवासीय कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था नहीं हो सकी है।

कस्बे में बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने और बिना नंबर की बाइक चलने के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समाज और युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है और अच्छे वातावरण से ही समाज व क्षेत्र आगे बढ़ सकता है।

कार्यक्रम में घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी मनोज कुमार, विद्युत निगम के एक्सईएन राजीव ढिल्लों, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, भाजपा जिला महामंत्री सुभाष कश्यप, एसडीओ पंचायती राज जयभगवान, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, तहसीलदार अरविंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m