गाजियाबाद. गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार (13 सितंबर 2026) सुबह एलिवेटेड रोड पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां पांच कारें एक के बाद एक आपस में टकरा गईं. हादसे में तीन लोग घायल हो गए. दुर्घटना के बाद एलिवेटेड रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कारों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ की बेटियों का राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में जलवा, ओडिशा को 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचीं

अचानक ब्रेक लगने से बिगड़ा संतुलन

जानकारी के मुताबिक, सुबह एलिवेटेड रोड पर एक कार आगे चल रही थी. इसी दौरान चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए. पीछे से आ रही कारों के चालक अचानक स्थिति संभाल नहीं सके. देखते ही देखते एक के पीछे एक पांच कारें आपस में टकरा गईं. टक्कर में सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.

हादसे में तीन लोग हुए घायल

कारों की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन लोग घायल हुए. सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस के अनुसार, घायलों का इलाज चल रहा है. शुरुआती जांच में हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगना सामने आया है.

एलिवेटेड रोड पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद सड़क पर पांच क्षतिग्रस्त कारें खड़ी होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा. यातायात पुलिस ने क्रेन बुलाकर सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया. इसके बाद रास्ता साफ हुआ और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो गया.

इसे भी पढ़ें- ‘निकाले गए लोग फैला रहे हैं भ्रम…’ आकाश आनंद पर फिर भड़की मायावती, तबीयत को लेकर तोड़ी चुप्पी

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

एसीपी इंदिरापुरम सूर्य बली मौर्य ने बताया कि हादसे के संबंध में फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है.