ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. गाजियाबाद कमिश्नरेट की मसूरी पुलिस और बागपत के खेकड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बावरिया गिरोह का बदमाश धर्मेन्द्र उर्फ टिंडी उर्फ टिड्डी मारा गया. उस पर गाजियाबाद और बागपत में कुल एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात मसूरी पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मेन्द्र निठौरा रोड की ओर किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की. इस दौरान एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें : चुनाव में गुंडागर्दी, बेईमानी, धांधली और… BJP पर बरसे अखिलेश यादव, MLC चुनाव मतगणना में घपला करने की बात कहकर दिया बड़ा बयान
मृतक की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ टिंडी उर्फ टिड्डी पुत्र इन्द्रपाल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गाजियाबाद, बागपत समेत कई जिलों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज थे. उसकी गिरफ्तारी पर गाजियाबाद के मसूरी थाने से 50 हजार और बागपत के खेकड़ा थाने से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

