अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में खेत में भूत का साया होने की अफवाह से एक किसान दहशत में आ गया। उस पर इसका ऐसा असर हुआ कि वह अपनी गेहूं की फसल ही नहीं काट पा रहा था। जिसके बाद उसने SDM के पास पहुंचकर इसकी शिकायत की और न्याय की गुहार लगाई है। 

दरअसल, मामला मंगलवार का है जहां दोपहर को अंतर्वेद गनियारी निवासी पीड़ित किसान चक्रेश मिश्रा ने एसडीएम से मदद की गुहार लगाते हुए लिखित आवेदन दिया। जिसमें उसने बताया कि हार्वेस्टर संचालक और एजेंट खेत में भूत-प्रेत के साए की भ्रामक खबर फैलाकर तीन एकड़ में लगी गेहूं की पकी फसल नहीं काटने दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: भाषण के दौरान गई बिजली: पूर्व कांग्रेस विधायक ने अफसरों को लगाई फोन पर फटकार, बोले- ‘मुर्गा बना दूंगा’ 

हार्वेस्टर संचालक और एजेंट खुद तो काट नहीं रहे और दूसरे हार्वेस्टर संचालकों को भी गुमराह कर रहे हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में भी उन्होंने भूत प्रेत की खबर का प्रचार प्रसार कर दिया है जिसके कारण कोई दूसरा फसल नहीं कट पा रहा। 

नरवाई में आग लगाई जा रही है और गर्मी के मौसम में आगजनी की घटना की बात को नकारा नहीं जा सकता। पीड़ित किसान ने आवेदन में मांग की है कि अगर किसी प्रकार की क्षतिपूर्ति होती है तो उसके जवाबदारी भूत-प्रेत की अफवाह फैलाने वाले लोग ही होंगे। 

मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम निधि गोहल ने फोन पर हार्वेस्टर संचालकों से बात करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका। जिसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी अभिषेक चौबे को मामले में व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए और किसान को जल्द समस्या का निराकरण करवाने का आश्वासन दिया। 

यह भी पढ़ें: बच्ची के गले में फंसी जिंदा मछली: एक्वेरियम साफ करने के दौरान हुआ हादसा, MY हॉस्पिटल में हुआ सफल इलाज

थाना प्रभारी ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी ने फोन पर सूचना दी थी। पीड़ित किसान थाने आया था। एएसआई संतोष विश्वकर्मा मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित किसान के खेत की कटाई जल्द से जल्द हो पाए इसकी कोशिश की जाएगी। साथ ही भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ भी जांच करवाई जाएगी कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m