अहमदाबाद। भारत का प्रमुख ग्लोबल फाइनेंस-टेक हब ‘गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी’ (गिफ्ट सिटी) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। हाल ही में जारी ग्लोबल फाइनेंशियल सेंटर्स इंडेक्स (GFCI 40) की ताजा रिपोर्ट में गिफ्ट सिटी ने 9 पायदान की शानदार छलांग लगाते हुए विश्व स्तर पर 37वां स्थान हासिल किया है। इससे पहले की रैंकिंग (GFCI 39) में गिफ्ट सिटी 46वें स्थान पर था।

एशिया-पैसिफिक के टॉप 15 वित्तीय केंद्रों में जगह

इस ऐतिहासिक सुधार के साथ गिफ्ट सिटी अब एशिया-पैसिफिक (Asia-Pacific) क्षेत्र के शीर्ष 15 वित्तीय केंद्रों में शामिल हो गई है। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाने वाला यह भारत का एकमात्र वित्तीय केंद्र है। वित्तीय सेवाओं के अलावा टेक्नोलॉजी और नवाचार में भी इसका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। फिनटेक (Fintech) रैंकिंग में भी गिफ्ट सिटी 3 पायदान ऊपर चढ़कर वैश्विक स्तर पर 29वें स्थान से 26वें स्थान पर पहुंच गई है।

साबरमती के तट पर बसा पहला नियोजित स्मार्ट सिटी

गुजरात में अहमदाबाद और गांधीनगर के बीच साबरमती नदी के तट पर बसाया गया गिफ्ट सिटी भारत का पहला नियोजित (Planned) और क्रियाशील स्मार्ट व फाइनेंशियल शहर है। रिपोर्ट में यह भी अनुमान जताया गया है कि गिफ्ट सिटी उन चुनिंदा 15 वैश्विक केंद्रों में शामिल है, जिनकी अहमियत अगले दो से तीन वर्षों में और अधिक तेजी से बढ़ने वाली है।

वैश्विक प्राथमिकताओं के अनुकूल बुनियादी ढांचा

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, समग्र और फिनटेक रैंकिंग में यह प्रगति गिफ्ट सिटी के वित्तीय सेवा पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) के निरंतर विस्तार को दर्शाती है। रिपोर्ट में भविष्य के लिए साइबर सुरक्षा, क्लाउड सेवा, डेटा कनेक्टिविटी, मजबूत मनी लॉन्ड्रिंग विरोधी ढांचे और डिजिटल परिसंपत्ति व्यवसायों को आकर्षित करने को प्राथमिकता दी गई है, जिन पर गिफ्ट सिटी पहले से ही तेजी से काम कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m