Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 10 जून को सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। उन्होंने साल 2014 में 26 मई के दिन प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसके बाद से वह लगातार निर्वाचित होकर भारत के प्रधानमंत्री बने हुए हैं। उन्होंने इस मामले में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को पीछे छोड़ दिया है। इस मौके पर बीजेपी के नेता लगातार पीएम मोदी को 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं।
‘महामानव के रूप में पूजे जाएंगे प्रधानमंत्री’
इस मौके पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी देश के प्रति समर्पित व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के गरीबों के लिए काम किए हैं। उन्होंने 25 करोड़ से अधिक गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। यह बताता है कि वे गरीबों के प्रति कितने समर्पित हैं। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री मोदी एक महामानव के रूप में पूजे जाएंगे।
नितिन नबीन ने की मंदिर में पूजा-अर्चना
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित पीएम बनने के मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा और बांसुरी स्वराज के साथ दिल्ली में झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना की और पीएम मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की।
इस मौके पर नितिन नबीन ने कहा कि, आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने पूरे देश में एक नया इतिहास लिखा है। मैं मानता हूं कि आज पूरे देश की जनता का जो आशीर्वाद और विश्वास प्रधानमंत्री मोदी को मिला है, यह उसी की ताकत है। प्रधानमंत्री का यशस्वी नेतृत्व हमें इसी तरह मिलता रहे, वो दीर्घायु हों…उन्होंने गरीबों की चिंता की है। आज हमारा गरीब मुख्यधारा के साथ जुड़कर काम कर रहा है, देश के विकास में काम कर रहा है। हमारे युवा उत्साह के वातावरण में हैं।
पीएम ने देश को ऊंचाइयों तक पहुंचाया- राम कृपाल यादव
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री के रूप में अभी तक का सबसे बड़ा कार्यकाल बीता है। इन 12 सालों के अंतर्गत सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के नारे के साथ देश ऊंचाइयों तक पहुंचा है।
ये भी पढ़ें- जिस निशांत को इंजीनियर बताते नहीं थकते थे जदयू नेता, वो निकले 12वीं पास, शपथ-पत्र से कई खुलासे आए सामने

