Bihar News: सोनिया गांधी कथित तौर पर बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार को गद्दार कहे जाने पर सियासी बयानबाजी जारी है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, उन्होंने (सोनिया गांधी) नीतीश कुमार को नहीं बिहार को गद्दार कहा है। नीतीश कुमार एक तरह से बिहार के पर्यायवाची हैं। समय आएगा तो बिहार के लोग उनको इसका जवाब देंगे।
वहीं, 6 अक्टूबर को विपक्षी दलों के सभी सांसदों द्वारा चुनाव आयोग तक मार्च निकालने के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि, उनको नौटंकी करनी है, उनका कोई एजेंडा नहीं है।
कांग्रेस को हो रहा पछतावा- मदन सहनी
सोनिया गांधी के इस कथित बयान पर जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री मदन सहनी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस और सोनिया गांधी ने हमारे नेता नीतीश कुमार को पहचानने में गलती की। इसका पछतावा वह व्यक्त कर रहे हैं। इसे नेताओं के साथ साथ देश की जनता भी देख रही है। अगर उस समय नीतीश कुमार को ये लोग साथ लेकर चलते, उन्होंने प्रयास भी किया। विभिन्न राज्यों में जाकर उन्होंने (नीतीश कुमार) मुलाकात भी की। उस समय कांग्रेस अगर इनके नेतृत्व में काम करती, तो आज देश में अलग दृश्य देखने को मिलता। इस चीज का पछतावा कांग्रेस नेताओं को हो रहा है, जिसे उन्होंने व्यक्त किया।
जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल बीते मंगलवार को हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर यह कहा कि उन्हें 2024 से पहले नहीं जाने देना चाहिए था। इस पर सोनिया गांधी ने कहा कि, वह महागठबंधन से बाहर जाने के लिए पहले से ही रास्ता तलाश रहे थे। अच्छा हुआ कि पहले चले गए। बाद में जाते तो गठबंधन को बहुत नुकसान होता। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर नीतीश कुमार के लिए ट्रेटर (गद्दार) शब्द का इस्तेमाल किया। हालांकि अभी तक स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं कि जा सकी है।
ये भी पढ़ें- ठेले पर बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था! वैशाली में युवक की मौत के बाद नहीं मिला एंबुलेंस, जांच के आदेश

