आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में ढाई साल की मासूम बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्ची का अपहरण समान थाना क्षेत्र के गडरिया मोहल्ले स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से किया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, संतान की चाहत में इस वारदात की साजिश रची गई थी।

दरअसल, समान थाना क्षेत्र के गडरिया मोहल्ले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आंगनबाड़ी केंद्र से ढाई साल की मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्ची को कथित तौर पर बोरी में भरकर आंगनबाड़ी केंद्र से बाहर ले जाया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही रीवा पुलिस सक्रिय हुई और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम के साथ साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर महज छह घंटे के भीतर बच्ची को रीवा से करीब 100 किलोमीटर दूर सीधी जिले से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि कथित तौर पर आंगनबाड़ी में काम करने वाली एक निसंतान महिला ने संतान की चाहत में बच्ची के अपहरण की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और साजिश में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, मासूम बच्ची के सकुशल बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m