प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्यप्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी क्लीनिक की कथित लापरवाही ने 11 साल की बच्ची की जान ले ली। थाना नीलगंगा क्षेत्र के मंछामन कॉलोनी स्थित ‘नोबेल क्लीनिक’ में अपेंडिक्स के ऑपरेशन के बाद बालिका की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को सील कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक दीपिका डाबी जिसकी उम्र 11 वर्ष का पिछले एक महीने से नोबेल क्लीनिक में अपेंडिक्स का इलाज चल रहा था। ऑपरेशन के दौरान अचानक बालिका की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में उसे एम्बुलेंस से दूसरे अस्पताल शिफ्ट किया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों को बच्ची की मौत की जानकारी समय पर नहीं दी गई जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा।

अस्पताल में हंगामा और चक्काजाम

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आक्रोशित लोगों ने जिला चिकित्सालय के सामने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

निजी क्लीनिक सील और केस दर्ज

मामले की सूचना मिलते ही CMHO डॉ. अशोक कुमार पटेल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की सख्ती देख अस्पताल प्रबंधक क्लीनिक पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद CMHO के निर्देश पर नोबेल क्लीनिक को तुरंत सील कर दिया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच की शुरू

थाना नीलगंगा पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं और अस्पताल को सील कर दिया गया है। यदि जांच में डॉक्टरों की लापरवाही साबित होती है, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच के घेरे में डॉक्टर

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पूरी जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल एक्सपर्ट्स की टीम के निष्कर्षों पर टिकी है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की तलाश जारी है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m