सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में 20 साल की युवती ने संदिग्ध हालात में सुसाइड (Suicide Case) कर लिया। बताया जा रहा है कि युवती सोमवार की रात अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के साथ होटल के कमरे में रुकी थी। वहां उसने प्रेमी पर साथ रहने का दबाव बनाया, लेकिन जब उसने मना किया तो दोनों में भारी विवाद हो गया। इसके बाद युवती ने खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। हादसे के बाद से ही होटल को फिलहाल बंद कर दिया गया है।
शादी के बाद भी चल रहा था अफेयर
मृतका की पहचान राई क्षेत्र की रहने वाली कृति के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, देवड़ू गांव के रहने वाले विक्रम के साथ कृति का लंबे समय से प्रेम प्रसंग (Love Affair) चल रहा था। दोनों की मुलाकात विक्रम की शादी से पहले हुई थी। बाद में विक्रम की शादी हो गई और उसके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) भी हैं। लेकिन शादी के बाद भी दोनों का मिलना-जुलना और संपर्क जारी रहा।
सोमवार रात करीब 10 बजे कृति बस स्टैंड के पास जन्नत होटल पहुंची थी। कुछ देर बाद विक्रम भी वहाँ आ गया और दोनों ने कमरा बुक किया। रात में कृति ने विक्रम पर अपनी पत्नी को छोड़कर साथ रहने का दबाव बनाना शुरू किया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई।
कमरा अंदर से बंद कर खाया जहर
झगड़े के बाद विक्रम ने कृति से कहा कि वह घर से खाना लेकर वापस आता है और होटल से निकल गया। विक्रम के जाते ही कृति ने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली और कोई जहरीला पदार्थ (Poison) निगल लिया।
जब विक्रम खाना लेकर वापस लौटा और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। शक होने पर होटल स्टाफ की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर कृति बेहोश पड़ी थी।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
कृति को तुरंत मुरथल अड्डा के पास एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रोड स्थित दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है कि यह सुसाइड है या इसके पीछे कोई और वजह है।

