शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में विवाद और बेवफाई के शक के चलते उसके प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव तालाब में फेंककर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती, चार साल तक चला प्रेम संबंध

पुलिस जांच में सामने आया कि नंदिनी जैन और आरोपी करण तांडी (23 वर्ष) की पहचान करीब चार वर्ष पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों लंबे समय तक संपर्क में रहे और कुछ समय तक साथ भी रहे थे। बाद में नंदिनी अलग रहने लगी, जिसके बाद करण उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

मंदिर के पास मिलने पहुंची तभी कर दी हत्या

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 की शाम नंदिनी WRS कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र में आरोपी से मिलने पहुंची थी। शाम करीब छह बजे करण वहां आया और उसे अपने साथ पीछे की ओर स्थित पानी भरे खेत में ले गया। वहां दोनों के बीच अन्य युवकों से संबंध को लेकर बहस हुई। नंदिनी द्वारा इनकार किए जाने पर आरोपी गुस्से में आ गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले नंदिनी के दुपट्टे को उसके मुंह में ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से उसका गला कसकर दबाया। इसके बाद हत्या सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

तालाब में मिली थी युवती की लाश

4 अगस्त को स्थानीय लोगों ने तालाब में युवती का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर खमतराई पुलिस, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, FSL टीम और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान युवती के गले पर चोट और दबाव के स्पष्ट निशान मिले, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की पुष्टि की और थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 751/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया।

परिजनों के संदेह से पुलिस पहुंची आरोपी तक

जांच के दौरान मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की गई। परिजनों ने नंदिनी के प्रेमी करण तांडी पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर देवेंद्र नगर के त्रिमूर्ति नगर निवासी आरोपी करण तांडी (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H