कुचामनसिटी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। यूनाइटेड किंगडम (यूके) के एक विदेशी नंबर से कॉल और धमकी भरे वॉयस नोट भेजे जाने से शहर में सनसनी फैल गई है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘नवीन बॉक्सर गोदारा ग्रुप’ से जुड़ा बताते हुए पलाड़ा से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार विजय सिंह पलाड़ा के मोबाइल पर यूके नंबर से करीब आठ बार कॉल आए। अनहोनी की आशंका के चलते पलाड़ा ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद आरोपियों की ओर से चार अलग-अलग वॉयस नोट भेजे गए। इन ऑडियो संदेशों में बेहद आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पलाड़ा को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई।

एक ऑडियो में आरोपी ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर के रूप में बताते हुए कहा कि पांच करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए यह अंतिम संदेश है और रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। घटना सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई है। विदेशी नंबर से आए कॉल और वॉयस नोट्स की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि कॉल की लोकेशन और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
दो महीने से मिल रही धमकियां, अब तक नहीं हो पाई कार्रवाई
यह पहला मौका नहीं है जब पलाड़ा को इस तरह की धमकियां मिली हों। पिछले करीब दो महीनों से उन्हें कथित रूप से रोहित गोदारा गैंग के नाम से कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। अब तक एक दर्जन से अधिक कॉल और वॉयस नोट्स के जरिए उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई है। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले ही विजय सिंह पलाड़ा को सशस्त्र सुरक्षा उपलब्ध करा चुका है। इसके बावजूद विदेशी नंबरों से आ रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दो माह से लगातार धमकियां मिलने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगाें में आक्रोश है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

