लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों की बैठक में मिशन-2027 का मंत्र देते हुए कहा कि बड़े-बड़े जुलूस निकालने से चुनाव नहीं जीते जाते, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने से जनविश्वास हासिल होता है. उन्होंने कहा कि राजनीति में जनता का दिल जीतना सबसे महत्वपूर्ण है.

कार्यकर्ताओं को टीम भावना के साथ काम करना चाहिए और आपसी मतभेद भुलाकर विपक्ष से मुकाबला करना चाहिए. उन्होंने कहा कि दूसरे दलों से भाजपा में शामिल होकर पार्टी को मजबूत करने वाले नेताओं का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें दलबदलू कहकर अपमानित नहीं करना चाहिए.नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है. कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि 2027 में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी.

इसे भी पढ़ें : किसकी ओर है इशारा? नितिन नवीन बोले- देश को नेतृत्व देने वाला राज्य बन रहा UP, राम मंदिर प्रकरण को लेकर कही ये बात

नितिन नबीन कार्यकर्ताओं से गांव-गांव प्रवास करने, ‘मन की बात’ कार्यक्रम को हर बूथ तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह केवल नकारात्मक राजनीति कर रहा है. बैठक के दौरान राम मंदिर दान प्रकरण और यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई. सूत्रों के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने कहा कि राम मंदिर से जुड़ा मामला सभी के लिए पीड़ादायक है और कार्यकर्ताओं को जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखना चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.

यूजीसी के मसले पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आधार पर समिति ने ड्राफ्ट तैयार किया था, जिसमें कुछ त्रुटियां रह गई हैं. उन कमियों को दूर करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

होटल ताज में सांसदों और जनप्रतिनिधियों के साथ मंथन

प्रदेश मुख्यालय की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने होटल ताज में सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ अलग से बैठक की. इस दौरान नेताओं को उनके क्षेत्रों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं और विशेष रूप से पिछली बार हारी हुई सीटों पर फोकस करने के निर्देश दिए गए. बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें : UP में समय से पहले होंगे चुनाव? मंत्री एके शर्मा के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल

सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल गई है. पहले प्रदेश दंगों, अपराध और पलायन के लिए जाना जाता था, जबकि आज यह विकास, निवेश और रोजगार का केंद्र बन चुका है. उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम और नकारात्मक नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर उसका जवाब देना होगा. उन्होंने कहा कि नौ वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ, किसानों की आय बढ़ी है, निवेश के नए अवसर पैदा हुए हैं और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिला है. हाल ही में 60 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की पारदर्शी भर्ती इसका उदाहरण है.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है और यह मिशन-2027 के चुनावी शंखनाद का संकेत है. उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएंगे.