सुप्रिया पांडेय, रायपुर। राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित अम्यूज ओ रामा में आज गो-कार्टिंग ट्रैक का औपचारिक शुभारंभ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने फीता काटकर किया। उन्होंने इसे युवाओं के लिए सकारात्मक एवं खेल आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।

750 से 800 मीटर लंबे नेशनल लेवल गो-कार्टिंग ट्रैक के शुरू होने से यहां एडवेंचर गतिविधियों का दायरा और विस्तृत हो गया है। यह ट्रैक रेसिंग लेआउट पर तैयार किया गया है, जिसमें हाई-स्पीड स्ट्रेच, तकनीकी मोड़ और सुरक्षित बैरियर लगाए गए हैं। भविष्य में यहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी योजना है।

अम्यूज ओ रामा का वॉटर पार्क प्रतिदिन 3,000 से 5,000 लोगों की क्षमता के साथ संचालित हो रहा है। यहां 1,500 लोगों की एक साथ क्षमता वाला वेव पूल समुद्री लहरों जैसा अनुभव प्रदान करता है। इसके अलावा इंटरनेशनल मानकों पर तैयार स्विमिंग पूल, लेजी रिवर, मल्टी-थीम किड्स स्लाइड्स और अलग चिल्ड्रन ज़ोन परिवारों के लिए विशेष आकर्षण हैं।

पार्क के भीतर निर्मित ग्लास ब्रिज जो युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है। वहीं मध्य भारत का पहला ड्रॉप टावर ऊंचाई से गिरने के रोमांच का अनुभव कराता है। “क्रोको कार्नेज” थीम आधारित वाटर राइड और फ्लाइंग चेयर राइड भी आगंतुकों को आकर्षित कर रही है। गो-कार्टिंग ट्रैक के शुभारंभ के साथ अम्यूज ओ रामा अब राजधानी में आधुनिक मनोरंजन, एडवेंचर स्पोर्ट्स और पारिवारिक आनंद का समग्र केंद्र बनकर उभर रहा है। यह परियोजना रायपुर को पर्यटन और मनोरंजन के मानचित्र पर नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।