गोहाना। खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में लगातार दो इंटर्न छात्राओं के साथ हुई कथित छेड़छाड़ की घटनाओं ने मेडिकल छात्राओं में रोष पैदा कर दिया है। कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में MBBS छात्राएं निदेशक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने साफ किया कि रात के समय ड्यूटी और लाइब्रेरी से हॉस्टल तक आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ठोस इंतजाम किए जाने चाहिए।
दो दिन पहले रात के समय दो अलग-अलग घटनाओं में MBBS इंटर्न छात्राओं ने अपने साथ आपत्तिजनक हरकत और मारपीट के आरोप लगाए थे। पहली घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई गई है। ड्यूटी से लौट रही इंटर्न छात्रा के अनुसार, हॉस्टल के पास उसके साथ हाथापाई की गई। आरोप है कि आरोपी ने उसके चेहरे पर हाथ रखा और गर्दन पर खरोंच मारी।
दूसरी घटना करीब 11 बजकर 13 मिनट पर हुई बताई गई। लाइब्रेरी से हॉस्टल लौट रही दूसरी इंटर्न छात्रा ने आरोप लगाया कि रास्ते में उसे पीछे से पकड़ लिया गया। उसके मुंह और गले को दबाने तथा आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
इन घटनाओं के बाद छात्राओं ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि रात में छात्राओं की आवाजाही वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और कई जगह सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं रहते। छात्राओं ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी का आरोप भी लगाया था। इसके बाद रात में मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन हुआ था।
मामले में महिला इंटर्न की शिकायत के आधार पर महिला थाना खानपुर कलां में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74 और 78 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
छात्राओं की मांग- सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो
मंगलवार को धरने पर बैठीं छात्राओं का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के साथ उनकी ड्यूटी भी रात-दिन चलती है। ऐसे में हॉस्टल, कैंपस और आने-जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है। छात्राओं ने सुरक्षा गार्ड बढ़ाने, पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मजबूत करने की मांग उठाई।
निदेशक बोले- कैंपस बड़ा, सुरक्षा कर्मियों की कमी
मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. जगदीश चंद्र दुरेजा ने छात्राओं की सुरक्षा संबंधी मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि कॉलेज परिसर काफी बड़ा है, लेकिन जरूरत के मुताबिक सुरक्षा कर्मी उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड की कमी का मामला सरकार के स्तर पर भेजा जा चुका है।
डॉ. दुरेजा ने कहा कि छात्राओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी मांग रखी है और कॉलेज प्रशासन ने सरकार को इस संबंध में अवगत करा दिया है। अब सरकार के स्तर से जो निर्णय होगा, उसके अनुसार आगे की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि छात्राओं के साथ हुई घटनाओं के मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
- दिवाली के अगले दिन सूप क्यों पीटती हैं महिलाएं? जानिए लक्ष्मी की बहन से जुड़ी मान्यता…
- Agnipath Scheme: पहले बैच के अग्निवीरों को मिल सकता है सेवा विस्तार, 21 नवंबर से पहले सरकार ले सकती है बड़ा फैसला
- 5 दिवसीय दीपोत्सव : धनतेरस से भाई दूज तक जानिए हर दिन का शुभ मुहूर्त, लक्ष्मी पूजा और चोपड़ा पूजन का समय…
- दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर से जोरदार भिड़ंत के बाद बस के उड़े परखच्चे, मासूम की मौत और 16 घायल
- Motorola Edge 70 Pro पर 30 हजार रुपये की छूट! Flipkart Sale में इतने कम में खरीदने का मौका

