सोनीपत। गोहाना में 20 सितंबर को स्कार्पियो सवार लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। गांव नगर में हुई इस वारदात की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव खेड़ी दमकन निवासी विनोद और गांव रभड़ा निवासी प्रदीप के रूप में हुई है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों, हथियारों और फायरिंग से जुड़े दूसरे पहलुओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सकती है।

जमीन विवाद को बताया जा रहा फायरिंग की वजह

एसीपी राजपाल के अनुसार, शुरुआती जांच में फायरिंग की वजह जमीन विवाद सामने आई है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि फायरिंग की पूरी साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके अलावा हमलावरों को हथियार कहां से मिले और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन तथा हथियारों का आपस में क्या संबंध है, इसकी भी जांच की जाएगी।

न्यायिक परिसर से लौटते समय हुआ था हमला

जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को गांव बड़ौता निवासी रविंद्र अपने दोस्तों के साथ गोहाना न्यायिक परिसर पहुंचा था। यहां उसकी मौसी और मौसेरी बहन से जुड़े जमीन विवाद के मामले में बयान होने थे। न्यायिक परिसर में कार्रवाई पूरी होने के बाद रविंद्र अपने साथियों के साथ स्कार्पियो में सवार होकर गांव नगर की ओर रवाना हुआ।

बताया जा रहा है कि जैसे ही स्कार्पियो गांव नगर के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने दो वाहनों से उसका पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने स्कार्पियो को निशाना बनाकर करीब नौ राउंड फायर किए।

हथियारों की बरामदगी पर भी पुलिस का फोकस

पुलिस जांच में फायरिंग के दौरान बंदूक, पिस्टल और रिवॉल्वर जैसे हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। अब पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के जरिए वारदात में इस्तेमाल हथियारों को बरामद करने और फरार आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

मामले में पुलिस की जांच जारी है और रिमांड के दौरान पूछताछ से फायरिंग की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

बाइट: एसीपी राजपाल