गोहाना (सोनीपत): हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना से रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ दिन पहले बोरे में बंद महिला प्रियंका की लाश मिलने के मामले में पुलिस की जांच जैसे आगे बढ़ रही रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी पति संदीप ने अपनी पत्नी की हत्या की पूरी कहानी पहले ही लिख ली थी। इस सनसनीखेज गोहाना मर्डर केस के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
लाश गलाने के लिए खरीदा था नमक
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप ने प्रियंका को मौत के घाट उतारने से पहले अपने बच्चों को घर से कहीं दूर छोड़ दिया था। जिसके बाद उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने खौफनाक साजिश रची। आरोपी ने बाजार से नमक के कई पैकेट खरीदकर रखे थे, ताकि लाश को जमीन में दफनाकर जल्दी गलाया जा सके। इसे एक बेहद क्रूर और सोची-समझी साजिश माना जा रहा है।
दो शादियां और दिल्ली का कनेक्शन
पुलिस को पता चला है कि आरोपी संदीप ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उसके दो बच्चे हैं। वहीं, मृतका प्रियंका के भी तीन बच्चे थे। संदीप और प्रियंका की मुलाकात राजधानी दिल्ली में हुई थी। पहली पत्नी से अलग होने के बाद संदीप ने प्रियंका से कोर्ट मैरिज या दूसरी शादी की थी। लेकिन कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी।
चश्मदीद की गवाही से खुला राज
इस पूरे मामले का खुलासा दूध लेने निकले निजामुद्दीन नाम के शख्स की सूझबूझ से हुआ। निजामुद्दीन ने पुलिस को बताया कि 24 मई की शाम वह सोनीपत रोड पर गया था। वहां उसे संदीप मिला और अपने किराए के कमरे पर ले गया। कमरे पर संदीप का भतीजा अभी और यूपी का रहने वाला गुलजार भी मौजूद थे। तीनों ने निजामुद्दीन से कहा कि लोहे से भरा एक भारी बोरा पास के खाली प्लॉट में फेंकना है।
जब निजामुद्दीन ने बोरा उठाने की कोशिश की, तो उसे वजन और बनावट से शक हुआ। पूछने पर आरोपियों ने कबूल किया कि इसमें संदीप की पत्नी प्रियंका की लाश है। आरोपियों ने निजामुद्दीन को धमकी दी, “अगर किसी को बताया तो तुझे भी इसी बोरे में बंद कर देंगे।” डर के मारे उसने बोरा प्लॉट की नींव में डलवा दिया, लेकिन घर लौटकर तुरंत Dial 112 हरियाणा पुलिस को फोन घुमा दिया।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
गोहाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति संदीप, उसके भतीजे अभी और मददगार गुलजार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 238 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीम लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

