संजीव, गोहाना। शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। हरियाणा के सहकारिता, कारागार एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की मौजूदगी में गोहाना नगर परिषद इलाके में घर-घर से कूड़ा उठाने (Door to Door Garbage Collection) की नई व्यवस्था की शुरुआत हो गई है। इस कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद की वाइस चेयरपर्सन राजबाला मलिक और पार्षदों ने कूड़ा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अगले 5 साल में खर्च होंगे 12 करोड़ रुपये

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गोहाना शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अगले पांच साल तक 12 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ के सपने को पूरा करने में हर गोहानावासी अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने गोहाना के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं भी कीं। ड्रेन आठ पर पानीपत चुंगी से सोनीपत चुंगी तक भगवान परशुराम विरासत पार्क, जॉगिंग ट्रैक, मल्टी स्टोरी पार्किंग (Multi Story Parking Gohana) और सोनीपत रोड पर शिवधाम निर्माण के लिए पत्राचार के जरिए जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।

लापरवाही रोकने के लिए हर घर पर लगेगा RFID टैग

सफाई व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता रखने और काम में किसी भी तरह की लापरवाही को रोकने के लिए प्रशासन अब तकनीक का सहारा ले रहा है। शहर के हर घर और दुकान के बाहर RFID टैग लगाए जाएंगे। जब भी कचरा उठाने वाली गाड़ी वहां पहुंचेगी, तो इस टैग को स्कैन (Digital Monitoring) किया जाएगा। इससे हर घर से नियमित कूड़ा उठाने का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।

मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे इसकी फिजिकल चेकिंग भी करें और जनता की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए एक टोल फ्री नंबर (Toll Free Number For Complaint) भी जारी करें।

पुराने सफाई कर्मचारियों को मिलेगी प्राथमिकता

धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों से मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री ने बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने ठेकेदार एजेंसी के संचालक को सख्त निर्देश दिए कि इस नई व्यवस्था में पुराने सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर काम पर रखा जाए।

उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग (Waste Segregation) रखें। इस मौके पर एसडीएम अंकित कुमार, डीसीपी जितेंद्र गहलावत और ईओ दीपक गोयल समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।