Business Desk – Gold Silver Price Today : सोने-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते गिरावट दर्ज की गई है. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 2,976 रुपए घटकर 1,43,368 रुपए पर आ गया है. इससे पहले 4 जुलाई को इसकी कीमत 1,46,344 रुपए थी. वहीं, चांदी भी इस सप्ताह 13,468 रुपए सस्ती होकर 2,20,390 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई. पिछले सप्ताह इसका भाव 2,33,858 रुपए प्रति किलो था.

जून में बड़ी गिरावट के बाद जुलाई के दूसरे सप्ताह में भी सोना-चांदी के दाम नीचे बने हुए हैं. ऐसे में निवेशकों और ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह राहत की खबर मानी जा रही है. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार और डॉलर की चाल के कारण आने वाले दिनों में कीमतों में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

इस हफ्ते सोना 2,976 रुपए सस्ता हुआ

IBJA के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,976 रुपए घटकर 1,43,368 रुपए पर पहुंच गया है. 4 जुलाई को इसकी कीमत 1,46,344 रुपए थी. इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,31,325 रुपए, 18 कैरेट सोना 1,07,526 रुपए और 14 कैरेट सोना 83,870 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है.

चांदी 13,468 रुपए प्रति किलो टूटी

चांदी की कीमत में भी इस सप्ताह बड़ी गिरावट दर्ज की गई. पिछले सप्ताह 2,33,858 रुपए प्रति किलो बिक रही चांदी अब 2,20,390 रुपए प्रति किलो पर आ गई है. यानी एक सप्ताह में चांदी 13,468 रुपए प्रति किलो सस्ती हुई है.

जून में भी आई थी बड़ी गिरावट

इससे पहले जून महीने में भी सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली थी. पूरे जून में सोना करीब 15 हजार रुपए और चांदी करीब 38 हजार रुपए तक सस्ती हुई थी. जुलाई में भी कीमतों में नरमी का दौर जारी है.

देश के बड़े शहरों में क्या है सोने का भाव?

11 जुलाई 2026 को गुडरिटर्न्स (Goodreturns) के अनुसार दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,44,480 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा है. मुंबई, कोलकाता और रायपुर में इसका भाव 1,44,330 रुपए है. भोपाल, पटना और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,44,380 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है.

163 दिनों में सोना 33 हजार रुपए सस्ता

इस साल सोने में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव 1,33,000 रुपए था।. इसके बाद 29 जनवरी 2026 को सोना बढ़कर 1,76,121 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. अब 11 जुलाई तक इसकी कीमत घटकर 1,43,368 रुपए रह गई है. यानी रिकॉर्ड स्तर से सोना 33 हजार रुपए से ज्यादा सस्ता हो चुका है.

चांदी रिकॉर्ड से 1.66 लाख रुपए नीचे

चांदी ने भी इस साल नया रिकॉर्ड बनाया था. 31 दिसंबर 2025 को इसका भाव 2,30,000 रुपए प्रति किलो था. 29 जनवरी 2026 को यह बढ़कर 3,85,933 रुपए प्रति किलो पहुंच गई थी. इसके बाद लगातार गिरावट आई और अब 11 जुलाई को इसका भाव 2,20,390 रुपए प्रति किलो है. यानी रिकॉर्ड स्तर से चांदी करीब 1.66 लाख रुपए प्रति किलो सस्ती हो चुकी है.

क्यों गिर रहे हैं सोना-चांदी के दाम?

  1. अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ

फेडरल रिजर्व के संकेतों के बाद अमेरिकी डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है. आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ता है.

  1. निवेशकों ने की मुनाफावसूली

सोना और चांदी कुछ समय पहले रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे. इसके बाद बड़े निवेशकों और ट्रेडर्स ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे कीमतों में गिरावट आई.

  1. गोल्ड और सिल्वर ETF में बिकवाली

सुरक्षित निवेश की मांग कुछ कम होने से गोल्ड और सिल्वर ETF में बिकवाली बढ़ी है. इसका असर भी दोनों धातुओं की कीमतों पर पड़ा है.

सोना खरीदते समय इन दो बातों का रखें ध्यान

BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें

सोना खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ प्रमाणित सोना ही खरीदें. हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की पुष्टि होती है और उस पर अल्फान्यूमेरिक कोड भी दर्ज रहता है.

खरीदने से पहले भाव जरूर जांचें

सोना खरीदने से पहले अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों, जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA), से उस दिन का भाव जरूर जांच लें. साथ ही 24, 22 और 18 कैरेट के अलग-अलग दामों को समझकर ही खरीदारी करें.