Business Desk – Gold Silver Price Today : सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार (20 जुलाई) को सोने और चांदी की कीमतों में फिर हलचल देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बाजार खुलते ही सोने में तेजी आई. इसका भाव 1,41,322 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया. वहीं चांदी 2,19,498 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में मामूली बढ़त दर्ज की गई. ऐसे में अगर आप आज सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अपने शहर का ताजा रेट जरूर देख लें.

MCX और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या रहा हाल

पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोना 1,41,006 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,16,499 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. सोमवार को दोनों में हल्की तेजी देखने को मिली. अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार कॉमेक्स (COMEX) में भी सोने का भाव 0.15% बढ़कर 4,024.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. शुक्रवार को यह 4,023 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था. वहीं चांदी 1.85% की तेजी के साथ 57.370 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. पिछले कारोबारी सत्र में यह 56.22 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी.

देश के प्रमुख शहरों में आज क्या है सोने का भाव

देश के सर्राफा बाजारों में आज भी शहरों के हिसाब से सोने के दाम अलग-अलग हैं. दिल्ली में 24 कैरेट सोना 14,343 रुपए, 22 कैरेट 13,144 रुपए और 18 कैरेट 10,761 रुपए प्रति ग्राम बिक रहा है. मुंबई में 24 कैरेट सोना 14,328 रुपए, 22 कैरेट 13,134 रुपए और 18 कैरेट 10,746 रुपए प्रति ग्राम है. चेन्नई में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने का भाव क्रमश: 14,328 और 13,134 रुपए प्रति ग्राम है, जबकि 18 कैरेट सोना 10,949 रुपए प्रति ग्राम बिक रहा है.

इसी तरह पटना और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 14,328 रुपए, 22 कैरेट 13,134 रुपए और 18 कैरेट 10,746 रुपए प्रति ग्राम है. वहीं अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 14,333 रुपए, 22 कैरेट 13,139 रुपए और 18 कैरेट 10,751 रुपए प्रति ग्राम बिक रहा है. बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 14,328 रुपए, 22 कैरेट 13,134 रुपए और 18 कैरेट 10,746 रुपए प्रति ग्राम है.

आज चांदी का भाव

चांदी की कीमतों में भी शहरों के हिसाब से अंतर है. दिल्ली में चांदी 2,29,900 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रही है. चेन्नई में इसका भाव 2,34,900 रुपए प्रति किलोग्राम है. वहीं मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, लखनऊ और पटना में चांदी 2,29,900 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है.

क्या कहते हैं बाजार के जानकार

विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी तनाव के कारण सोने और चांदी की कीमतों में फिलहाल बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना कम है, लेकिन शॉर्ट टर्म में तेजी और गिरावट बनी रह सकती है. उनके मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है.

ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है. इससे महंगाई बढ़ने की आशंका बनी हुई है. यदि महंगाई बढ़ती है और अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है, तो इसका असर सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ सकता है. हालांकि मिडिल ईस्ट में तनाव शुरू होने के बाद से दोनों कीमती धातुओं में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है.