Business Desk – Gold Silver Price Today : सोने-चांदी की कीमतों में सोमवार (13 जुलाई) को गिरावट दर्ज की गई. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट 10 ग्राम सोना 1,079 रुपए सस्ता होकर 1,43,368 रुपए पर आ गया. वहीं, एक किलो चांदी 3,155 रुपए टूटकर 2.17 लाख रुपए पर कारोबार कर रही है. पिछले कुछ महीनों से रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे सोने-चांदी के दाम अब लगातार नरम पड़ रहे हैं.

रिकॉर्ड हाई से ₹1.69 लाख सस्ती हुई चांदी
इस साल सोने और चांदी दोनों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2.30 लाख रुपए प्रति किलो था. इसके बाद 29 जनवरी को यह बढ़कर 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई. अब करीब 165 दिनों में चांदी 1.69 लाख रुपए सस्ती होकर 2.17 लाख रुपए पर आ गई है. वहीं, 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था. 29 जनवरी को यह बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. इसके बाद से अब तक सोना करीब 34 हजार रुपए सस्ता हो चुका है.
सोने-चांदी में गिरावट क्यों आई?
विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट की दो प्रमुख वजहें हैं. मजबूत अमेरिकी डॉलर: फेडरल रिजर्व के संकेतों के बाद डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है. आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव आता है. मुनाफावसूली: रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों और ट्रेडर्स ने मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों में गिरावट देखने को मिली.
क्या अभी निवेश का सही समय है?
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया का कहना है कि सोने-चांदी के दाम अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुके हैं. ऐसे में निवेश के अवसर बन रहे हैं, लेकिन एकमुश्त निवेश करने से बचना चाहिए. उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोना 1.60 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.80 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है.
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड सोना ही खरीदें. हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की पुष्टि होती है. खरीदने से पहले कीमत जरूर क्रॉस-चेक करें. IBJA जैसी विश्वसनीय वेबसाइट पर 24, 22 और 18 कैरेट के ताजा रेट देखकर ही खरीदारी करें.
असली चांदी की पहचान कैसे करें?
मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती.
आइस टेस्ट: असली चांदी पर बर्फ तेजी से पिघलती है.
स्मेल टेस्ट: असली चांदी में कोई गंध नहीं होती, जबकि नकली में धातु जैसी गंध आ सकती है.
क्लॉथ टेस्ट: सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान आए तो चांदी असली मानी जाती है.
सोने-चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट पर निवेशकों की नजर बनी हुई है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक संकेतों और डॉलर की चाल के आधार पर आने वाले दिनों में कीमतों में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

