सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। ऊर्जाधानी सिंगरौली… जो अब तक देशभर में कोयला और विद्युत उत्पादन के लिए जानी जाती रही है, अब खनन के क्षेत्र में एक नए अध्याय की ओर बढ़ती दिख रही है। सिंगरौली जिले की चितरंगी विधानसभा में सोने की खदान मिलने की संभावना से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री और चितरंगी विधायक राधा सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और चितरंगी को एक नई पहचान मिलेगी।

दरअसल, सिंगरौली जिले के चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित गुरुहर पहाड़ स्वर्ण खनन ब्लॉक को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। मेसर्स कुंदन गोल्ड माइंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति के तहत लोक सुनवाई का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई मध्य प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आयोजित की, जिसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीएम चितरंगी सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगभग 500 स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।

सभी मानकों का होगा पालन

लोक सुनवाई के दौरान 149.30 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित स्वर्ण खनन परियोजना और 0.13 मिलियन टन प्रतिवर्ष उत्पादन क्षमता को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही परियोजना से होने वाले संभावित पर्यावरणीय प्रभावों पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां और सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखे। प्रशासन का कहना है कि सभी वैधानिक प्रक्रियाओं और पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन करने के बाद ही परियोजना पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राज्यमंत्री को ऑक्शन की जानकारी नहीं

पंचायत राज्य मंत्री राधा सिंह से जब पूछा कि ‘आपके विधानसभा के अंदर चार गोल्ड की खदान मिली है’, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने सुना है, लेकिन ऑक्शन कब हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन हमारे यहां स्वर्ण की खदान निकली है, जांच के लिए भेजा गया है। अभी कोई काम शुरू नहीं हुआ है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह

लोगों को मिलेगा रोजगार- राधा सिंह

राज्यमंत्री राधा सिंह ने आगे कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि चितरंगी विधानसभा में सोना निकल रहा है, खदान होने से यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं कुंदन गोल्ड माइंस प्राइवेट लिमिडेट के सीईओ गौरव ने बताया कि रोजगार के लिए सिंगरौली जिले के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। माइन के साथ प्लांट भी लगेगा। इसके तहत करीब 500 लोगों को नौकरी मिलेगी।

कुंदन गोल्ड माइंस प्राइवेट लिमिडेट के सीईओ गौरव

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m