Business Desk – Gold-Silver Price Today : सर्राफा बाजार पिछले कई दिनों से मंदी का सामना कर रहा था, अचानक से काफी हलचल देखने को मिल रही है. लगातार गिरती कीमतों के बीच सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जोरदार तेजी आई है.

वैश्विक बाजारों में मजबूती और घरेलू मांग में बढ़ोतरी के चलते सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है. शुक्रवार को अचानक आई तेजी के बाद आज शनिवार भी बाजार में तेजी का रुख जारी है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों के बीच हलचल मच गई है.
नई कीमतें देखें
घरेलू बाजार में इस तेजी के बाद 99.9% शुद्ध सोने की कीमत 162,900 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है, जो 1,600 की बड़ी बढ़ोतरी है. वहीं, चांदी भी 280,100 प्रति किलोग्राम पर मजबूती से कारोबार कर रही है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो वहां भी माहौल काफी उत्साहजनक है. सोना +0.83% बढ़कर $4,569.90 प्रति औंस पर पहुंच गया है, जबकि चांदी में 0.43% की मामूली गिरावट आई है. यह फिलहाल $75.585 पर कारोबार कर रही है.
जानिए किस शहर में सोने का भाव क्या है ?
आज 30 जुलाई के सोने के भाव में अलग-अलग शहरों के बीच मामूली अंतर देखने को मिला. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 22 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 44 हजार 660 रुपए प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 57 हजार 800 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ में भी सोने के दाम दिल्ली के बराबर रहे.
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 22 कैरेट सोना 1 लाख 44 हजार 510 रुपए और 24 कैरेट सोना 1 लाख 57 हजार 650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा. इसी तरह कोलकाता और हैदराबाद में भी सोने के भाव मुंबई के समान रहे. अहमदाबाद और भोपाल में 22 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 44 हजार 560 रुपए तथा 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 57 हजार 700 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.
दक्षिण भारत के प्रमुख शहर चेन्नई में सोना सबसे महंगा रहा. यहां 22 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 46 हजार 10 रुपए और 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 59 हजार 290 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा, जो अन्य बड़े शहरों की तुलना में अधिक है. विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत, डॉलर इंडेक्स और स्थानीय टैक्स संरचना के कारण विभिन्न शहरों में कीमतों में थोड़ा-बहुत अंतर देखने को मिलता है.
गिरावट के बाद सोने में तेजी क्यों आई ?
इस अचानक आई तेजी के पीछे कई अहम कारण माने जा रहे हैं. पहला कारण है विदेशी बाज़ारों में कीमतों का मजबूत होना. दूसरा कारण है घरेलू बाजार में सोने की भारी मांग की उम्मीद, जिसकी वजह आने वाला शादी का सीजन है. इन कारणों से स्थानीय सर्राफा बाज़ार को काफी सहारा मिला है. इसके अलावा, अमेरिका और ईरान के बीच शुरुआती समझौते की संभावनाओं ने भी निवेशकों के भरोसे पर सकारात्मक असर डाला है.
अमेरिका-ईरान संघर्ष-विराम की खबरें और बाजार पर उनका असर
बाज़ार में आए इस बड़े बदलाव का एक अहम कारण अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के संघर्ष-विराम (ceasefire) से जुड़ी खबरें हैं. ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि ईरान बिना किसी शर्त के ‘हॉरमुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने को तैयार हो सकता है.
हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. पहले भी इस तरह की खबरें सामने आती रही हैं. जानकारों का मानना है कि अगर यह भू-राजनीतिक तनाव पूरी तरह से खत्म हो जाता है, तो सोने और चांदी की कीमतों पर से दबाव हट जाएगा और बाज़ार राहत की सांस लेगा.

