Business Desk – Gold-Silver Price Today : गुरुवार (23 जुलाई) को सोने और चांदी की कीमतों में घरेलू वायदा बाजार से लेकर ग्लोबल कमोडिटी मार्केट तक हल्की गिरावट देखने को मिली. गिरावट भले मामूली रही, लेकिन इससे खरीदारी की योजना बना रहे लोगों के लिए मौका बन सकता है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह 9:01 बजे सोना 483 रुपए और चांदी 787 रुपए सस्ती कारोबार करती दिखी. वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार COMEX पर भी दोनों की कीमतों में कमजोरी दर्ज की गई.

MCX पर आज कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी?
MCX पर सुबह 9:01 बजे सोना 1,45,210 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला. पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,45,693 रुपए था. यानी आज सोना 483 रुपए सस्ता हो गया. वहीं चांदी 2,26,393 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली. बुधवार को इसका भाव 2,27,180 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था. यानी आज चांदी 787 रुपए सस्ती हो गई.
ग्लोबल मार्केट में भी गिरावट
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार COMEX पर सोने का भाव 0.44% गिरकर 4,133.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं चांदी 0.17% की गिरावट के साथ 60.195 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी. इससे साफ है कि घरेलू बाजार के साथ वैश्विक बाजार में भी दोनों की कीमतों पर दबाव बना हुआ है.
भारत में आज चांदी का भाव
देश के प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना और इंदौर में आज एक किलो चांदी का भाव 2,40,100 रुपए है. वहीं चेन्नई और हैदराबाद में चांदी 2,45,100 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है.
क्यों आई सोना-चांदी में गिरावट?
बाजार पर कई वैश्विक घटनाओं का असर दिखाई दे रहा है. लाल सागर में सऊदी अरब के दो जहाजों को हूती विद्रोहियों ने निशाना बनाया, जबकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से बना हुआ है. इसके बाद ईरान समर्थित हूतियों ने लाल सागर में नाकाबंदी शुरू कर दी है.
इन घटनाओं के बीच ब्रेंट क्रूड ऑयल 96 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है. यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी रहती है तो इससे महंगाई बढ़ने की आशंका है, जिसका असर अगले सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर पड़ सकता है.
फेड के फैसले पर बाजार की नजर
अब तक उम्मीद जताई जा रही थी कि फेडरल रिजर्व इस बार ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा. हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई की आशंकाओं के कारण ब्याज दरें बढ़ने की संभावना भी बढ़ी है. इन्हीं वैश्विक परिस्थितियों का असर फिलहाल सोने और चांदी की कीमतों पर देखने को मिल रहा है.


