Gold Smuggling : नागपुर. ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12102) में करोड़ों के सोने की तस्करी का मामला सामने आया है. एसईसीआर के अंतर्गत नागपुर और गोंदिया आरपीएफ की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नागपुर डीआरआई के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.166 किलो के सोने के बिस्किट जब्त किए हैं. जब्त सोने की कीमत 3 करोड़ 9 लाख 40 हजार 881 रुपये आंकी गई है. इस पूरे मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, डीआरआई नागपुर को सूचना मिली थी कि भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते तस्करी कर पहुंचे सोने को रेल मार्ग से देश के दूसरे हिस्से भेजने की योजना है. गाड़ी संख्या 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में एक व्यक्ति के माध्यम से आगे पहुंचाया जाएगा. इसके बाद अधिकारियों की टीम अलर्ट मोड पर आ गई. नागपुर रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी गई. इस दौरान एक यात्री की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उसकी तलाशी ली गई. यात्री के सामान में छिपाकर रखा गया सोना बरामद कर लिया गया. 

इस मामले में आरोपी के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आगे की कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. फिलहाल डीआरआई तस्करी में शामिल नेटवर्क की जांच में जुट गई है. साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि सोना कहां से लाया जा रहा था और कहां तक पहुंचाया जाना था.

बरामद सोने को सरकारी खजाने में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि भारत-बांग्लादेश सीमा से होने वाली सोने की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है. मामले में जांच जारी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H