दिल्ली में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं और दमकल विभाग में लंबे समय से चली आ रही कर्मचारियों की कमी को दूर करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। दिल्ली फायर सर्विस (Delhi Fire Service Recruitment 2026) में 10,743 नए पदों पर भर्ती के प्रस्ताव को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। अब यह प्रस्ताव अंतिम प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए दिल्ली सरकार के पास भेजा गया है। सरकार की मंजूरी मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गृह मंत्रालय से मिली हरी झंडी
दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक के अनुसार, विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी को देखते हुए करीब पांच महीने पहले विस्तृत भर्ती प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा गया था। मंत्रालय की उच्च स्तरीय समिति ने समीक्षा के बाद 10,743 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। अब अंतिम स्वीकृति के बाद फाइल दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) को भेजी जाएगी।
DSSSB के जरिए होगी भर्ती प्रक्रिया
दिल्ली सरकार की मंजूरी मिलने के बाद DSSSB भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया, लिखित परीक्षा और अन्य चयन चरण पूरे किए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले दिल्ली फायर सर्विस की विशेष पेशेवर ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ही उन्हें विभिन्न फायर स्टेशनों पर तैनात किया जाएगा।
बड़े अग्निकांडों के बाद बढ़ी भर्ती की जरूरत
हाल के महीनों में हौजरानी, विवेक विहार, पालम और तुगलकाबाद सहित कई बड़े अग्निकांडों में जान-माल का भारी नुकसान हुआ। इन घटनाओं के दौरान दमकल विभाग में मैनपावर की कमी गंभीर चुनौती बनकर सामने आई थी। नई भर्ती से विभाग की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
71 फायर स्टेशनों में अधिकारियों की भारी कमी
दिल्ली के 71 फायर स्टेशनों के लिए 90 स्टेशन ऑफिसर के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 18 स्टेशन ऑफिसर ही कार्यरत हैं। इनमें से लगभग 12 अधिकारी जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिससे विभाग पर अतिरिक्त दबाव बढ़ने की आशंका है।
छह महीने में 12,214 आग की घटनाएं, 69 लोगों की मौत
जनवरी से जून 2026 के बीच दिल्ली में 12,214 आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 69 लोगों की मौत हुई, जबकि 494 लोग घायल हुए। अकेले जून में 25 लोगों की जान गई, जो वर्ष 2026 के किसी भी महीने में सबसे अधिक है। जून में आग लगने की 2,111 कॉल्स दर्ज हुईं, जबकि मई में 3,410 कॉल्स के साथ यह आंकड़ा वर्ष का सबसे अधिक रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

