Business Desk – Google Cloud Storage Update : अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं और अपने फोन का बैकअप गूगल अकाउंट पर सेव रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. गूगल ने अपनी स्टोरेज पॉलिसी में बड़ा बदलाव किया है.

अब सिर्फ फोटो और वीडियो ही नहीं, बल्कि SMS, कॉल हिस्ट्री, ऐप डेटा और डिवाइस सेटिंग्स का बैकअप भी आपके गूगल अकाउंट की 15GB फ्री स्टोरेज में शामिल होगा. इसका असर यह होगा कि पहले के मुकाबले आपका फ्री स्टोरेज जल्दी भर सकता है.

नए एंड्रॉयड यूजर्स पर पहले लागू होगा नियम

गूगल की नई पॉलिसी सबसे पहले नए एंड्रॉयड यूजर्स पर लागू होगी. वहीं, जो लोग पहले से एंड्रॉयड फोन इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके अकाउंट में यह बदलाव आने वाले कुछ महीनों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. यानी धीरे-धीरे सभी एंड्रॉयड यूजर्स इस नई स्टोरेज पॉलिसी के दायरे में आ जाएंगे.

अब तक क्या होता था?

अभी तक गूगल की 15GB फ्री क्लाउड स्टोरेज में मुख्य रूप से Google Photos पर अपलोड की गई फोटो, वीडियो और MMS से जुड़ा मीडिया डेटा ही शामिल होता था. लेकिन अब इसमें फोन का बैकअप डेटा भी जुड़ जाएगा. यानी कॉल हिस्ट्री, SMS, ऐप डेटा और डिवाइस सेटिंग्स भी इसी लिमिट में गिने जाएंगे.

फ्री स्टोरेज जल्दी भर सकती है

नई व्यवस्था के बाद जिन यूजर्स के फोन में ज्यादा ऐप्स, कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और बैकअप डेटा है, उनकी 15GB फ्री स्टोरेज पहले की तुलना में जल्दी भर सकती है. ऐसे में अतिरिक्त स्टोरेज की जरूरत पड़ने पर यूजर्स को गूगल का पेड प्लान लेना पड़ सकता है.

59 रुपए महीने से शुरू होते हैं Google One प्लान

अगर 15GB फ्री स्टोरेज पर्याप्त नहीं रहती, तो यूजर्स अतिरिक्त क्लाउड स्टोरेज खरीद सकते हैं. भारत में Google One का सबसे सस्ता प्लान 59 रुपए प्रति माह से शुरू होता है, जिसमें 30GB स्टोरेज मिलती है. इसके अलावा अधिक स्टोरेज वाले Google One और Google AI प्लान भी उपलब्ध हैं.

यूजर्स को मिलेगा बैकअप पर ज्यादा कंट्रोल

नई पॉलिसी के साथ गूगल बैकअप सिस्टम में कुछ नए कंट्रोल भी जोड़ रहा है. अब यूजर्स यह तय कर सकेंगे कि SMS, MMS, कॉल हिस्ट्री, ऐप डेटा और डिवाइस सेटिंग्स का बैकअप लेना है या नहीं. इसके लिए गूगल बैकअप सेटिंग्स में अलग-अलग ऑन-ऑफ टॉगल दिए जाएंगे. इससे अनावश्यक डेटा का बैकअप बंद करके स्टोरेज बचाई जा सकेगी.

कैसे बदल सकते हैं बैकअप सेटिंग्स?

अगर आप बैकअप डेटा को नियंत्रित करना चाहते हैं, तो अपने एंड्रॉयड फोन की Settings में जाएं. इसके बाद Google और फिर Backup सेक्शन खोलें. यहां आपको अलग-अलग डेटा कैटेगरी के लिए ऑन-ऑफ टॉगल मिलेंगे, जिनकी मदद से आप तय कर सकते हैं कि कौन-सा डेटा बैकअप होगा और कौन-सा नहीं.

गूगल का दावा- औसतन सिर्फ 40MB अतिरिक्त डेटा जुड़ेगा

हालांकि कई यूजर्स को चिंता है कि नई पॉलिसी से फ्री स्टोरेज जल्दी खत्म हो जाएगी, लेकिन गूगल का कहना है कि इसका असर बहुत सीमित होगा. कंपनी के मुताबिक, इस बदलाव से औसतन केवल 40MB अतिरिक्त डेटा ही स्टोरेज में जुड़ेगा. साथ ही यूजर्स को पहले से ज्यादा पारदर्शिता और बैकअप कंट्रोल भी मिलेंगे.

जानिए क्या है क्लाउड स्टोरेज और बैकअप डेटा

क्लाउड स्टोरेज एक ऑनलाइन डिजिटल स्टोरेज है, जहां आपकी फोटो, वीडियो, फाइलें और अन्य डेटा इंटरनेट के जरिए गूगल के सर्वर पर सुरक्षित रहते हैं. आप किसी भी डिवाइस से अपने गूगल अकाउंट में लॉगिन करके इन्हें एक्सेस कर सकते हैं.

बैकअप डेटा वह जानकारी होती है, जो फोन बदलने, फोन खो जाने या रीसेट होने की स्थिति में आपके नए डिवाइस में पुराना डेटा वापस लाने में मदद करती है. इसमें कॉल हिस्ट्री, SMS, ऐप डेटा और डिवाइस सेटिंग्स जैसी जानकारी शामिल होती है. अब यही बैकअप डेटा भी आपकी 15GB फ्री स्टोरेज का हिस्सा होगा.