अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आठवीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार छात्रा ने आत्महत्या कर जान दे दी। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की मां ने एक पड़ोसी छात्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि वह उनकी बेटी पर लगातार बातचीत करने का दबाव बना रहा था और अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था, जिससे परेशान होकर छात्रा ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
लंच के दौरान नदी किनारे मिले थे दोनों
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली मृतका और दसवीं कक्षा का आरोपी छात्र एक ही विद्यालय में अध्ययनरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों स्कूल गए थे। लंच के समय दोनों विद्यालय के पास स्थित झरही नदी के किनारे मिले थे। जब इसकी भनक स्कूल प्रबंधन को लगी, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दोनों के अभिभावकों को स्कूल बुलाया और पूछताछ के बाद छात्र-छात्रा को उनके घर भेज दिया। इसके अगले ही दिन छात्रा के आत्महत्या करने की बात सामने आई।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी छात्र हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही श्रीपुर थानाध्यक्ष सिंपी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में शोक और तनाव का माहौल
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से हर एंगल पर जांच कर रही है। चूंकि मृतका और छात्र दोनों ही नाबालिग बताए जा रहे हैं, इसलिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की औपचारिक लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और अधिक स्पष्ट होगी। इस घटना से पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।
ये भी पढ़ें- सासाराम में करंट लगने से किसान की मौत, NH-19 के पास खुले बिजली तारों की लापरवाही से गई जान

