अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दो झकझोर देने वाली घटनाएं सामने आई हैं। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि महज 24 घंटे के भीतर उन्होंने दुष्कर्म की दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार हैवानों ने एक ट्रांसजेंडर युवती को अपना शिकार बनाया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

​बथान में सो रही युवती को बनाया निशाना

​घटना विजयीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़ित ट्रांसजेंडर युवती रात के समय अपने घर के पास स्थित बथान में सो रही थी। इसी दौरान, घात लगाए बैठे आरोपी ने उसे अकेला पाकर दबोच लिया। युवती ने अपनी अस्मत बचाने के लिए पुरजोर विरोध किया, लेकिन दरिंदे ने उसे डरा-धमकाकर जबरन दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता के शोर मचाने पर जब तक स्थानीय लोग वहां पहुंचते, आरोपी मौके से भागने की फिराक में था।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए विजयीपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और इलाके में छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी विनोद राम को गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान में पुलिस आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

​मेडिकल जांच और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम

​पुलिस प्रशासन ने इस मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत ले जाने का निर्णय लिया है। पीड़ित ट्रांसजेंडर युवती को सुरक्षा घेरे में रखकर गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, घटनास्थल से ठोस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है। एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर रही है ताकि अदालत में आरोपी को कठोरतम सजा दिलाई जा सके।

​24 घंटे पहले हुई थी सामूहिक दुष्कर्म की वारदात

​चिंताजनक पहलू यह है कि इसी विजयीपुर थाना क्षेत्र में ठीक 24 घंटे पहले एक नाबालिग किशोरी के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। एक के बाद एक हो रही इन वारदातों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय प्रशासन ने अब क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने का दावा किया है।