अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस प्रशासन और परिजनों दोनों को चौंका दिया है। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब दो महीने पहले लापता हुई एक बालिग युवती के मामले में पुलिस जांच के दौरान एक बेहद अप्रत्याशित मोड़ आया है। जिस मामले को पुलिस अब तक गुमशुदगी या संभावित अपहरण के कोण से देख रही थी, वह आखिरकार दो युवतियों के बीच आपसी प्रेम और समलैंगिक संबंध का निकला। लापता युवती उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की एक अन्य युवती के साथ स्वेच्छा से रह रही थी। पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है और उन्हें भोरे थाना लाया गया है।
एक महीने की खोजबीन के बाद दर्ज हुई थी प्राथमिकी
जानकारी के मुताबिक, गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की बीते 24 अप्रैल को अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और संभावित ठिकानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिरकार थक-हारकर, घटना के करीब एक महीने बाद युवती की मां ने भोरे थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर भी सौंपा था, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
मोबाइल लोकेशन और सीडीआर ने खोला राज
मामला दर्ज होने के बाद भोरे थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान का सहारा लिया। पुलिस ने परिजनों द्वारा दिए गए संदिग्ध मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाया और उसके लोकेशन को ट्रैक किया। सर्विलांस की मदद से पुलिस को उस मोबाइल का लोकेशन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मिला। इस पुख्ता इनपुट के आधार पर भोरे पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत बलिया के लिए रवाना हुई। वहां छापेमारी के दौरान पुलिस ने लापता भोरे की लड़की को एक अन्य युवती के साथ सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस दोनों को साथ लेकर गोपालगंज लौट आई।
डेटिंग ऐप से शुरू हुई प्रेम कहानी
भोरे थाने लाकर जब पुलिस ने दोनों युवतियों से कड़ाई और संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की, तो उन्होंने अपनी पूरी कहानी बयां कर दी। युवतियों ने खुलासा किया कि उनकी मुलाकात करीब चार साल पहले एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई। पिछले चार वर्षों में यह दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई और दोनों एक-दूसरे के साथ गंभीर रिश्ते में आ गईं। दोनों युवतियों ने पुलिस को स्पष्ट शब्दों में बताया कि उन्होंने पूरी तरह से अपनी मर्जी और आपसी सहमति से साथ रहने का फैसला किया था। वे एक-दूसरे से बेहद प्यार करती हैं और अब किसी भी कीमत पर अलग नहीं होना चाहती हैं।
न्यायालय के बयान पर टिकी आगे की कार्रवाई
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि चूंकि भोरे थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती पूरी तरह बालिग है, इसलिए कानूनन उसे अपने फैसले लेने का पूरा अधिकार है। हालांकि, कागजी और कानूनी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए युवती को स्थानीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां धारा 164 के तहत उसका आधिकारिक बयान दर्ज कराया जाएगा।

