​गोपालगंज/अनुज कुमार पांडेय। बिहार के गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र से रविवार की दोपहर एक घटना सामने आई है। मसानथाना के समीप गंडक नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से तीन को स्थानीय लोगों और मल्लाहों ने जान पर खेलकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि एक 21 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया। लापता युवक बीकॉम का छात्र बताया जा रहा है।

​मामा के घर रहकर करता था पढ़ाई

​लापता युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सपहां गांव निवासी घनश्याम लाल श्रीवास्तव के पुत्र अमन कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अमन अपने दो भाइयों में सबसे छोटा है। वह पिछले तीन महीनों से नगर थाना क्षेत्र के श्रीरामनगर (वार्ड संख्या 26) स्थित अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ-साथ वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए मनी ट्रांसफर का कार्य भी करता था। रविवार की छुट्टी के कारण वह अपने सात दोस्तों के साथ मस्ती करने के लिए जादोपुर के मसानथाना बांध के पास गंडक नदी पर गया था, जहां यह हादसा काल बनकर टूट पड़ा।

​परिजनों में मचा कोहराम

​घटना की सूचना मिलते ही लापता युवक के घर में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। अपने जिगर के टुकड़े की सलामती की दुआ करती मां और बिलखते परिजनों की चीखें सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। लापता युवक के न मिलने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

​एनडीआरएफ की टीम करेगी रेस्क्यू

​सूचना मिलने पर जादोपुर थाना अध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से जाल डालकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। थाना अध्यक्ष ने बताया कि स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से एनडीआरएफ (NDRF) की विशेष टीम को सूचित कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम आधुनिक उपकरणों और नाव के साथ जल्द ही नदी में ‘महा-सर्च’ अभियान चलाएगी।

​प्रशासन की अपील

​पुलिस प्रशासन ने जिले के युवाओं से अपील की है कि मानसून की दस्तक के साथ नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में गहरे और खतरनाक घाटों पर जाने या नहाने से पूरी तरह परहेज करें। सुरक्षा ही बचाव है, ताकि भविष्य में इस तरह के दुखद हादसों को रोका जा सके। फिलहाल, पूरे इलाके में मातम का माहौल है और अमन की सुरक्षित वापसी के लिए हर कोई प्रार्थना कर रहा है।