अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। शुक्रवार की रात एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नगर थाना क्षेत्र के सुंदरपट्टी पंचायत भवन के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने साइकिल सवार मजदूर को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बैजनाथ यादव के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।

​मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे बैजनाथ

​जानकारी के अनुसार, कोन्हवा गांव के रहने वाले बैजनाथ यादव थावे के वृंदावन गांव में दिनभर हाड़-तोड़ मेहनत-मजदूरी करने के बाद देर शाम साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सुंदरपट्टी पंचायत भवन के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे बैजनाथ की साइकिल में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बैजनाथ यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​नेत्रहीन पत्नी और मासूम बेटे पर टूटा दुखों का पहाड़

​इस हादसे के बाद सामने आई पारिवारिक स्थिति को सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। बैजनाथ यादव के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उनकी पत्नी दोनों आंखों से पूरी तरह दृष्टिहीन हैं, जबकि उनका एक चार साल का मासूम बेटा है। बैजनाथ दिनभर मजदूरी कर जो कमाते थे, उसी से घर का चूल्हा जलता था। उनकी असमय मौत के बाद अब इस बेसहारा परिवार के सामने रोजी-रोटी और अस्तित्व का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​दो बाइक सवार घायल, नशे में गाड़ी चलाने का आरोप

​इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान 16 वर्षीय रेयाज अली और 19 वर्षीय मोहम्मद इब्राहम के रूप में हुई है। इब्राहम अपने मामा के घर बसडिला आया हुआ था। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बाइक सवार दोनों युवक नशे की हालत में थे और बेहद लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहे थे। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घायल युवकों को हिरासत में ले लिया गया है और अस्पताल से छुट्टी मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या युवक सच में नशे में थे।