अनुज कुमार पांडेय/गोपालगंज। गोपालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास के पास पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अपराधी आकाश कुमार घायल हो गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आकाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बंजारी बायपास के आसपास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली गोलीबारी के बाद आकाश कुमार घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ा गया।
चल रहा इलाज
घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
अपराधी चल रहा था फरार
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आकाश कुमार थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का निवासी है और लंबे समय से कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
जानें क्या क्या मामले है दर्ज
आकाश के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े दर्जनों मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उसके गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।

