गोपालगंज। जिले से एक मामला सामने आया है, जहां अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझवालिया गांव की है। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।

​बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा

​मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले 23 वर्षीय बादल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बादल सिंह देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने चोरी-छिपे उसके घर मझवालिया गांव पहुंचा था। इसी दौरान प्रेमिका के परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया।​आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने युवक को घर के भीतर ही बंधक बना लिया और लाठी-डंडों तथा लोहे के रॉड से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। युवक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन परिजनों का दिल नहीं पघला।
अत्यधिक पिटाई के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मोहम्मदपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है। ​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार खुद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य इकट्ठा कर रही है।

​मुख्य आरोपी हिरासत में

​पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की के परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मुख्यालय में उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह से प्रेम-प्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है। इस घटना के बाद से मृतक के घर मोतिहारी में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।